Mayawati ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का सीधा असर आम जनता के जीवन पर पड़ेगा और पहले से महंगाई झेल रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
“जल्द ही पेट्रोल-डीजल भी महंगे हो सकते हैं”
मायावती ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “देश में कमर्शियल सिलेंडर की कमी के बीच उसकी कीमत में एकमुश्त 993 रुपये की फिर से की गई वृद्धि और उसके आम जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव से जुड़ी खबरें सभी माध्यमों में प्रमुखता से सामने आ रही हैं. साथ ही, इस आशंका से लोगों में चिंता बढ़ी है कि जल्द ही रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल सहित अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें भी बढ़ेंगी .”
अंतरराष्ट्रीय हालात को बताया संभावित वजह
उन्होंने कहा, “इसका वास्तविक कारण चाहे अमेरिका-इजरायल का ईरान पर युद्ध हो या अन्य कोई वजह, सरकार ने जिस प्रकार राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर खासकर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रण में रखा, उस नीति को वर्तमान में भी व्यापक जनहित और जनकल्याण के तहत जारी रखना देशहित में होगा.”
दिल्ली में कीमत 3000 रुपये के पार जाने की आशंका
बसपा प्रमुख ने यह भी कहा कि नई दरों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग 3000 रुपये से अधिक हो सकती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की संभावना है।
19 किलो सिलेंडर पर 993 रुपये की बढ़ोतरी
उन्होंने बताया कि 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि मानी जा रही है।
सरकार से नीतिगत फैसलों में सावधानी की अपील
मायावती ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में इस तरह की बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह महंगाई के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए नीतियां तय करे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।