आदिवासी और पिछड़े समाज का अपमान करना कांग्रेस की आदत : केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आदिवासी और पिछड़े समाज का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की आदत बन चुकी है।उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर सवाल खड़े किए।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आदिवासी और पिछड़े समाज का अपमान करना कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को न आदिवासी समाज की बेटी का राष्ट्रपति बनना पसंद आया, न ही पिछड़ी जाति से गरीब मां के बेटे का प्रधानमंत्री बनना। अब कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी जी ने ‘बेचारी’ शब्द का इस्तेमाल कर न केवल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी, बल्कि पूरे आदिवासी समाज का अपमान किया है।उन्होंने आगे कहा कि क्या कांग्रेस आदिवासी, अनुसूचित जातियों और ओबीसी को हमेशा अपमानित करती रहेगी? कांग्रेस नेतृत्व को तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।बता दें कि संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी के बयान पर बवाल मच गया है। सोनिया गांधी ने संसद के बाहर राष्ट्रपति को ‘पुअर लेडी’ कहा। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति के अभिभाषण को ‘बोरिंग’ बताया।दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सोनिया गांधी के बयान पर नाराजगी जताई। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “आज के ऐतिहासिक दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के भविष्य और विकास का लेखा-जोखा हमारे समक्ष रखा है। पूरे देश ने उन्हें ध्यान के साथ सुना है और उनकी सराहना की है, लेकिन दुखद है कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति पर ऐसा कमेंट किया। उन्होंने राष्ट्रपति को ‘बेचारी’ कहा है। यह भी कहा है कि वह अपने भाषण में थक गई थीं। भारतवर्ष एक गणतंत्र और विश्व का सर्वोच्च लोकतंत्र है। राष्ट्रपति कभी भी ‘बेचारी’ नहीं हो सकतीं। सोनिया गांधी को अपनी टिप्पणी के लिए राष्ट्रपति से क्षमा याचना करनी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *