
लोकसभा के चुनाव में तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा। सम्भल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली लोकसभा सीट के 1.89 करोड़ मतदाता 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, इनमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं। तीसरे चरण में सर्वाधिक 13 प्रत्याशी बरेली और सबसे कम सात उम्मीदवार फिरोजाबाद निर्वाचन क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पिछले चुनाव में इन दस सीटों में से आठ भाजपा और दो सपा की झोली में गई थीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारीमुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि कि सभी सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर सायं छह बजे तक चलेगा। जो भी मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, वे मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान के लिए 20,415 पोलिंग बूथ व 12,339 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इनमें 4390 संवेदनशील हैं। मतदाताओं की दृष्टि से सबसे अधिक वोटर आगरा (20,72,685) में और सबसे कम एटा (17,00,524) निर्वाचन क्षेत्र में हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए 25,819 ईवीएम कंट्रोल यूनिट, 25,819 बैलेट यूनिट और 27,597 वीवीपैट तैयार किए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्धसैनिक बलों को दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीसरे चरण में 370 आदर्श पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 79 ऐसे बूथ हैं जिसका पूरा प्रबंधन महिलाएं करेंगी, जबकि 39 का युवा और 47 का दिव्यांग।वेबकास्टिंग से भी होगी निगरानी
मतदान पर नजर रखने के लिए आयोग ने तीन विशेष प्रेक्षक, 10 सामान्य, छह पुलिस प्रेक्षक व 14 व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं। इसके अलावा 1887 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 241 जोनल मजिस्ट्रेट, 668 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 2859 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। 10,208 पोलिंग बूथ (50 प्रतिशत) पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। जिसकी निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तर पर की जाएगी। इसके अलावा 3503 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।