दिल्ली अग्निकांड के बाद बड़ा ऐलान, PM मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालवीय नगर अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.’

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.’

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी जताया दुख

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निजनित दुर्घटना में हुई जनहानि बेहद दुखद है. इस हादसे में असमय अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’

राजनाथ सिंह बोले- हादसा मन को व्यथित करने वाला

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘दिल्ली के मालवीयनगर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है. जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं. ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे. साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’

बुधवार सुबह लगी थी भीषण आग

जानकारी के अनुसार, मालवीय नगर में स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *