कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णानगर कोतवाली थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की।
अवैध घुसपैठ पर बयान से मचा बवाल
दरअसल, मंगलवार (26 अगस्त 2025) को अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर बोलते हुए महुआ मोइत्रा ने कहा कि गृह मंत्रालय देश की सीमाओं की सुरक्षा करने में विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से घुसपैठ का मुद्दा उठाते हैं और उसी समय गृह मंत्री ताली बजाकर हंसते हैं, जबकि सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी उन्हीं की है।
“सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए” – महुआ
इसी दौरान महुआ मोइत्रा ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा –
“अगर रोजाना लाखों की संख्या में घुसपैठ हो रही है और हमारी मां-बहनों पर नजर डाली जा रही है, जमीनें छीनी जा रही हैं, तो पहले अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए। अगर पीएम खुद कह रहे हैं कि बाहर से लोग हमारी जमीनें और सम्मान छीन रहे हैं, तो जिम्मेदारी किसकी है? यहां तो BSF मौजूद है, फिर भी हालात ऐसे क्यों हैं?”
भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी साधा निशाना
महुआ ने हालिया भारत-बांग्लादेश संबंधों में आई खटास का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय बांग्लादेश भारत का मित्र था, लेकिन मौजूदा नीतियों के कारण पिछले कुछ सालों में स्थिति बदल गई है।
बीजेपी नेता ने कराई शिकायत
टीएमसी सांसद के बयान के बाद बीजेपी नेता संदीप मजूमदार ने कृष्णानगर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।