
यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम में भ्रष्टाचार पर एमडी ने बड़ा वार किया है। एमडी मासूम अली सरवर ने लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन के एआरएम और अयोध्या डिपो के आरएम पर बड़ी कार्रवाई का कार्यालय आदेश जारी किया है।एमडी ने कैसरबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरविन्द कुमार को मनमाने ढंग से कार्य करने के लिए परनिन्दा प्रविष्टि का दंड दिया है जबकि अयोध्या डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन को नियम विरुद्ध कार्य करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के साथ ही दायित्वों का निर्वहन न करने के लिए उनकी एक वर्ष की वार्षिक वेतन वृद्धि अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
कैसरबाग की बस में मिले थे 50 बिना टिकट यात्री
कैसरबाग डिपो की बस संख्या यूपी 78 एफएन 2651 हरदोई-लखनऊ मार्ग पर संचालित थी। 14 फरवरी 2024 को पचकोहरा नामक स्थान पर प्रर्वतन दल ने बस की चेकिंग की तो बस में सवार सभी 52 यात्रियों में 50 यात्रियों के पास टिकट ही नहीं थे। जबकि बस कंडक्टर ने सभी यात्रियों से किराये की धनराशि हरदोई से ही वसूल कर लिया था। इस मामले में निलंबित बस कंडक्टर अवधेश कुमार को कैसरबाग के एआरएम ने बिना किसी आधार के सेवा में अनन्तिम रूप से बहाल कर दिया गया था।
दोषी एटीआई को दोबार चेकिंग के लिए भेज दिया
एमडी की ओर से अयोध्या डिपो के आरएम पर की गई कार्रवाई में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने अयोध्या क्षेत्र में सहायक यातायात निरीक्षक रजनीकांत मिश्रा के विरुद्ध दण्डादेश पारित किये जाने की स्थिति में उन्हें तत्काल प्रर्वतन कार्यों से हटाते हुए बुकिंग लिपिक के पद पर प्रत्यावर्तित किया जाना चाहिए था, जोकि उनके द्वारा नहीं किया गया। इसके लिए उन्हें दण्डित किया गया है।उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम एमडी मासूम अली सरवर ने बताया कि भष्ट्राचार के खिलाफ किसी को भी बख्शा जाएगा। दो मामलों में रिपोर्ट आने के बाद क्षेत्रीय अफसरों ने मनमानी की है। जिसकी जांच कराने के बाद अयोध्या डिपो के आरएम और कैसरबाग डिपो के एआरएम पर कार्रवाई की गई है।