कांग्रेस ने मंगलवार को झारखंड में लोकसभा की 3 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। कांग्रेस ने गोड्डा से विधायक दीपिका पांडेय सिंह, चतरा से पूर्व मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी और धनबाद से अनुपमा सिंह को टिकट दिया है।अनुपमा सिंह विधायक अनूप सिंह की पत्नी और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह की पुत्रवधू बताई जाती हैं। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से लिस्ट जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से अब केवल रांची की सीट बची है जहां से उसको अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान करना है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस ने मंगलवार को झारखंड के तीन लोकसभा क्षेत्रों गोड्डा, चतरा और धनबाद के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि विधायक दीपिका पांडे सिंह, कृष्णा नंद त्रिपाठी और अनुपमा सिंह क्रमश: गोड्डा, चतरा और धनबाद से चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले कांग्रेस ने 27 मार्च को खूंटी (एसटी), लोहरदगा (एसटी) और हजारीबाग निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कालीचरण मुंडा, सुखदेव भगत और जय प्रकाशभाई पटेल के नामों का ऐलान किया था।
महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह गोड्डा से मौजूदा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह धनबाद सीट से भाजपा के बाघमारा विधायक डुलु महतो के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी। भाजपा ने धनबाद में मौजूदा सांसद पशुपति नाथ सिंह को इस बार टिकट नहीं दिया है। वह 2009 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस बार भाजपा ने धनबाद सीट से महतो को मैदान में उतारा है। 2014 में भाजपा में शामिल हुए महतो 2009 में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की जेवीएम के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे।