International Yoda Day 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में किया योग, स्वस्थ रहने की अपील

International Yoda Day 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में किया योग, स्वस्थ रहने की अपील

International Yoda Day 2025: पूरे देश और दुनिया में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। योग के महत्व को बढ़ावा देने के लिए लाखों लोग सुबह-सुबह विभिन्न स्थानों पर योग करते नजर आए। उत्तर प्रदेश में भी राजनीतिक नेताओं से लेकर आम नागरिक तक ने इस दिन को खास बनाने के लिए योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में योग किया, जबकि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में योगाभ्यास किया।

मुख्यमंत्री ने दी स्वस्थ रहने की अहम सलाह

योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में योग करते हुए कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि तभी व्यक्ति अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह आत्मा की शक्ति को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। यह हमारे ऋषियों की अमूल्य धरोहर है, जिसे वेदों, पुराणों और शास्त्रों ने सदियों तक जीवित रखा है।” मुख्यमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, ताकि शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से स्वस्थ रह सकें।

प्रयागराज में हुआ भव्य योग आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन प्रयागराज के संगम नोज पर हुआ। इस कार्यक्रम में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और फूलपुर से बीजेपी सांसद प्रवीण पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री गोपाल गुप्ता ने लोगों को योग की शपथ दिलाई और उनके साथ योगाभ्यास भी किया। “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम के तहत इस आयोजन में संगम नोज पर विभिन्न विभागों के 8000 से ज्यादा कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।

शाहजहांपुर में भी योग का आयोजन

शाहजहांपुर में जीएफ कॉलेज के खेल मैदान पर 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “योग अब सिर्फ कश्मीर से कन्याकुमारी तक ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व का हिस्सा बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने का बीड़ा उठाया था और आज दुनिया में योग की मान्यता है।”

गोमती नगर में भाजपा अनुसूचित मोर्चा का आयोजन

गोमती नगर स्थित अंबेडकर पार्क में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा ने योग कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता नीरज सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी योग किया और उपस्थित लोगों को इसके फायदे समझाए।

योग पार्कों का विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, प्रदेश सरकार ने नगर विकास विभाग के तहत प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में 100 से अधिक योग पार्क विकसित किए हैं। इन पार्कों में योग और संबंधित गतिविधियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे लोग आसानी से योगाभ्यास कर सकें।

योगी सरकार का स्वस्थ भारत की दिशा में बड़ा कदम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यभर में योग के महत्व को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। यह दिन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का है, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *