IND vs PAK Asia Cup: क्या बीसीसीआई रद्द कर सकता है भारत-पाक मैच? जानें पूरा नियम

Sports News: एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद तेज हो गया है। 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच को रद्द करने की मांग पूरे देश में जोर पकड़ रही है। राजनीतिक दलों से लेकर सोशल मीडिया पर आम लोग भी इसे लेकर विरोध जता रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या बीसीसीआई (BCCI) इस मैच को रद्द कर सकता है?

क्या बीसीसीआई के पास है मैच रद्द करने का अधिकार?

इस मामले पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत-पाकिस्तान मैच को रद्द करने का फैसला बोर्ड के हाथों में नहीं है। उन्होंने कहा था कि भारत सरकार जो भी नीति तय करेगी, बीसीसीआई उसी का पालन करेगा।

सरकार की नीति क्या कहती है?

भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर एक नीति लागू की हुई है। इस नीति के तहत भारत, पाकिस्तान के साथ बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स (जैसे वर्ल्ड कप, एशिया कप) में मुकाबला करेगा, लेकिन द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा। यही कारण है कि भारत-पाक मैच रद्द करने का अंतिम निर्णय सरकार के स्तर पर लिया जाएगा, न कि बीसीसीआई के स्तर पर।

सुप्रीम कोर्ट में भी उठ चुका है मामला

भारत-पाक मैच के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दाखिल की गई थी। इसमें तर्क दिया गया था कि पहलगाम आतंकी हमले के कुछ ही दिन बाद पाकिस्तान के साथ मैच खेलना, शहीद जवानों का अपमान है। हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने लॉ छात्रों की इस याचिका को खारिज कर दिया और कहा कि यह नीति निर्धारण का मामला है, जिस पर सरकार को ही फैसला लेना होगा।

कब और कहां होगा मैच?

भारत-पाकिस्तान का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से लाइव प्रसारित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *