
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते करीब 329 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है जबकि 40 लोगों की मौत हो गई है। राज्य के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि 27 जून को राज्य में मॉनसून की शुरुआत के बाद से अब तक यानि 27 जुलाई तक 40 लोगों की मौत हो गई है।
इस बीच सिरमौर जिले के पावंटा साहिब में गिरिपार इलाके में भारी बारिश हुई है। यहां पर भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई और बेटी को बचाते-बचाते पिता की मौत हो गई। बाद में फ्लैश फ्लड में पिता बह गया और उसकी लाश 10 किमी दूर टौंस नदी में मिली।
फिलहाल, पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया है। बाढ़ के पानी में लाश के चेहरे का कुछ हिस्सा गायब हो गया है। सिरमौर पुलिस ने लाश मिलने की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में गिरिपार की डांडा पंचायत का यह मामला है। दरअसल, भारी बारिश से रेतुआ गांव में अचानक बाढ़ आई और 48 साल का शख्स बह गया। घटना के दौरान शख्स की बेटी साथ थी और किसी तरह पिता ने बेटी को बचा लिया। पिता की पहचान अमन सिंह पुत्र तेलुराम, डांडा, कालाअंब के रूप में हुई है। पिता यह देखने के लिए घर से निकला था कि कहीं बारिश की वजह से घर और गौशाला को खतरा तो नहीं है।
फिलहाल, अमन सिंह का शव 10 किमी दूर टौंस नदी से बरामद किया गया है। पुरुवाला थाने के एसएचओ ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लिया है। उन्होंने बताया की भारी बारिश के बाद इलाके में अचानक बाढ़ आया था। पूरे मामले के बाद लोगों में दहशत और रोष है। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में बीते कुछ महीनों से अंधाधुंध पेड़ कटान हो रहा है और ठेकेदारों ने जगह-जगह ट्रेक्टर निकालने के लिए सड़कें बनाई हैं और इस कारण जगह जगह जमीन में मे नाले बन गए और इस कारण लैंड स्लाइड और छोटे-छोटे नालों का निर्माण हो गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने लिखा कि इस इलाके में सबसे अधिक कटान हुआ है।