हरियाणा में कैबिनेट विस्तार, 8 मंत्रियों ने ली शपथ; अनिल विज को नहीं मिली जगह

रियाणा में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) से साढ़े चार साल पुराना गठबंधन तोड़ने के बाद मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को अपने कैबिनेट का विस्तार किया। अब सैनी सरकार में 6 कैबिनेट मंत्री और सात राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं।मंत्रिमंडल विस्तार में डॉ. कमल गुप्ता को कैबिनेट मंत्री, सीमा त्रिखा, महिपाल ढांडा, असीम गोयल, अभय सिंह यादव, सुभाष सुधा, विशंभर सिंह बाल्मीकि और संजय सिंह को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ दिलाई गई है।राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पद एंव गोपनीयता की शप​थ दिलाई। नायब सैनी ने 12 मार्च को हरियाणा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। तब उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की थी। इनमें कंवरपाल गुज्जर, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह, जेपी दलाल, डॉ. बनवारी लाल का नाम शामिल था। ये सभी पिछली मनोहर लाल सरकार में भी मंत्री थे। हरियाणा मंत्रिमंडल में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 13 हो सकती है, जोकि अब पूरी हो गई है।

सात पहली बार मंत्री बने
नायब सैनी मंत्रिमंडल में डॉ. कमल गुप्ता को छोड़कर बाकी सात पहली बार मंत्री बने हैं। कमल गुप्ता पहले हरियाणा के यूएलबी मिनिस्टर रह चुके हैं। मंत्रिमंडल में गुरुग्राम और फरीदाबाद को भी प्रतिनिधित्व मिला है। डॉ. कमल गुप्ता कैबिनेट मंत्री बने हैं। ऐसे में नायब सैनी सरकार में छह कैबिनेट मंत्री और सात राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं।

ये बने मंत्री

डॉ. कमल गुप्ता,कैबिनेट मंत्री
सीमा त्रिखा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
महिपाल ढांडा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
असीम गोयल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
अभय सिंह यादव, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
सुभाष सुधा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
विशंभर सिंह बाल्मीकि, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
संजय सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

अनिल विज की छुट्टी
मनोहर लाल खट्टर सरकार में गृह मंत्री रहे अनिल विज को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। जब उनसे सैनी सरकार की पहली मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कह दिया था कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि वह परेशान नहीं हैं। विज पिछले सप्ताह सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं भी नहीं आए थे। अनिल विज, ओमप्रकाश यादव, संदीप सिंह और कमलेश ढांडा का पत्ता कट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *