हरिद्वार जाने वाले सावधान! गाड़ी में नहीं मिली ये एक चीज तो कटेगा भारी चालान, DM ने जारी किया सख्त आदेश

धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अब कमर कस ली है। अगर आप अपनी गाड़ी से हरिद्वार जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कड़े निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने पूरे जिले में सफाई को लेकर एक विशेष अभियान छेड़ा है। नए आदेश के मुताबिक, अब हरिद्वार की सड़कों पर दौड़ने वाले हर वाहन में कूड़ेदान (Dustbin) या गार्बेज बैग रखना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इन नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब सख्त एक्शन लिया जाएगा और उनसे जुर्माना भी वसूला जाएगा।

सड़क पर कचरा फेंकने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध

परिवहन विभाग ने दो टूक शब्दों में कहा है कि वाहन चलाते समय सड़क, सार्वजनिक जगहों या किसी भी खुले स्थान पर कचरा फेंकना अब पूरी तरह से प्रतिबंधित है। विभाग ने इस बाबत जिले के सभी वाहन मालिकों और ड्राइवरों को सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यह नियम सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए नहीं है, बल्कि बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट समेत निजी वाहनों पर भी समान रूप से लागू होगा। प्रशासन का मकसद साफ है कि सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।

एआरटीओ ने बताया- चेकिंग के दौरान नहीं बख्शे जाएंगे लोग

इस नए नियम और कार्रवाई को लेकर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि “जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान जिले में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से शुरू किया गया है.” उन्होंने नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि “सभी वाहन चालकों को अपने वाहनों में गार्बेज बैग रखना अनिवार्य होगा, ताकि यात्रा के दौरान निकलने वाला कचरा उसी में रखा जा सके.”

नेहा झा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सड़क पर कूड़ा फेंकने की कोई शिकायत मिलती है या चेकिंग के दौरान गाड़ी में गार्बेज बैग नहीं मिलता है, तो संबंधित ड्राइवर का नियमानुसार चालान काटा जाएगा। विभाग की टीमें अब प्रमुख रास्तों, तीर्थ स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाएंगी। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने के अलावा अन्य कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।

प्रशासन की लोगों से अपील

स सख्ती के बीच प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से सहयोग की अपील भी की है। अधिकारियों का कहना है कि लोग प्रशासनिक निर्देशों का ईमानदारी से पालन करें। प्रशासन ने संदेश दिया है कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है। देवभूमि हरिद्वार की पवित्रता और गरिमा को बनाए रखने के लिए एक स्वच्छ और सुंदर वातावरण का निर्माण करना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *