उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पाली थाने के भीतर पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का अपना पति ही था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति और उसके एक साथी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन थाने के अंदर हुई इस हत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेस में खाना खाने जा रही थी पत्नी, पीछे से किया हमला
यह पूरी घटना पाली थाना परिसर में घटी। रमापुर अटरिया की रहने वाली सोनी, जो पांच दिन पहले अपने प्रेमी के संग फरार हो गई थी, उसे पुलिस ने रविवार को बरामद किया था। सोमवार को पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने और अन्य कानूनी औपचारिकताओं की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एक महिला सिपाही सोनी को थाना परिसर में स्थित मेस में खाना खिलाने ले जा रही थी। तभी पहले से घात लगाए बैठे उसके पति अनूप ने पीछे से हमला बोल दिया और पत्नी पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही सोनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेमी के साथ भागने से नाराज था पति
जानकारी के मुताबिक, मृतका सोनी पांच दिन पहले घर से अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। इसके बाद उसके पति अनूप ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी घर से जेवर और 35 हजार रुपये नकद लेकर गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला को ढूंढ निकाला था, लेकिन कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही थाने के अंदर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से भाग रहे आरोपी अनूप और उसके साथी को हथियार समेत दबोच लिया है।
लापरवाही पर एक्शन, विवेचक और सिपाही सस्पेंड
थाने के अंदर हुई इस हत्या को सुरक्षा में बड़ी चूक मानते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक कुमार मीणा ने कड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से मामले के विवेचक और उस समय साथ मौजूद महिला आरक्षी को सस्पेंड कर दिया है। घटना की जांच की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी (ASP) को सौंपी गई है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने स्पष्ट किया कि, “विवेचक और महिला आरक्षी को सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच एडिशनल एसपी करेंगे. कोई अन्य भी दोषी पाया गया तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी.”