पांच हजार कैमरों से दिल्ली पर होगी पल-पल की निगरानी, LG बोले-मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार हैं

जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान राजधानी की निगरानी पांच हजार सीसी टीवी कैमरों के जरिए होगी। दिल्ली पुलिस के नियंत्रण कक्ष में इनकी लाइव फुटेज पर सुरक्षा कर्मियों की निगाह रहेगी। गुरुवार दिन में दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने कंट्रोल रूम का जायजा लिया।

शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले गुरुवार को उप राज्यपाल ने अन्य अधिकारियों के साथ मिनी बस में सवार होकर प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस आयुक्त ने उप राज्यपाल को जी20 से संबंधित सुरक्षा की तैयारियों और नियंत्रण कक्ष के बारे में पूरी जानकारी दी।

पुलिस के इस कंट्रोल रूम में शहर के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए पांच हजार से अधिक सीसी टीवी कैमरो की लाइव फुटेज मिलती रहेगी। इस कंट्रोल रूम में 25-25 सुरक्षाकर्मियों वाली दो टीमें अलग-अलग शिफ्ट में मौजूद रहकर 24 घंटे निगरानी करेंगी। सीसी टीवी द्वारा चौबीसों घंटे डिजिटल जानकारी नियंत्रण कक्ष को भेजी जाएगी। नियंत्रण कक्ष को जिलेवार लाइव तस्वीरें मिल रही हैं। दिल्ली की सड़कों और स्थानों पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस के 30 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिएस एक विशेष कमांड रूम भी स्थापित किया गया है।

उप राज्यपाल ने पुलिस नियंत्रण कक्ष के अलावा एनडीएमसी के आपदा प्रबंधन कक्ष का भी जायजा लिया। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ लगभग 30 कर्मचारी कार्यरत हैं। जो पानी के रिसाव, फुटपाथ को होने वाले नुकसान, पेड़ों की टूटी हुई शाखाओं और फूलों के गमले आदि को बदलने जैसी शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। उप राज्यपाल ने यक्षिणी चौक के पास लगी मूर्तियों और फव्वारों, पालम तकनीकी हवाई अड्डे पर नव विकसित एमआईजी पार्क और वायु सेना स्टेशन पर वीआईपी लाउंज का भी निरीक्षण किया। यहां पर जी20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष उतरेंगे। इस दौरान खासतौर पर इस पर ध्यान दिया गया कि यहां पर उतरने वाले सभी गणमान्य अतिथियों को टेक्नीकल एरिया पालम के बाहर लगे फव्वारे दिखाई दें।

उप राज्यपाल ने आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों पर खास जोर दिया। उन्होंने इन इलाकों को धूल मुक्त बनाने और जरूरत पड़ने पर सड़कों और फुटपाथों को जेट वाटर की मदद से साफ करने पर जोर दिया। उप राज्यपाल ने वीवीआईपी क्षेत्रों की हरियाली पर अतिरिक्त निगरानी रखने और सूखे पौधों और फूलों के स्थान पर ताजे पौधे लगाने को कहा।

प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए तैयार है दिल्लीः
उप राज्यपाल ने शिखर सम्मेलन से संबंधित जगहों पर सुरक्षा, सफाई और सौंदर्यीकरण लकी अंतिम तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। निरीक्षण के दौरान उप राज्यपाल के साथ दिल्ली के मुख्य सचिव, एनडीएमसी अध्यक्ष, निगमायुक्त, डीडीए उपाध्यक्ष, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव, प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *