Election Dates 2026: पांच राज्यों में चुनाव का बिगुल, जानिए कब कहां होगी वोटिंग और किस दिन आएंगे नतीजे

देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का आखिरकार ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग (ECI) ने रविवार 15 मार्च को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी मौजूद रहे, जहां पूरे चुनावी शेड्यूल की जानकारी दी गई।

चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान

इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पिछली बार राज्य में आठ चरणों में मतदान कराया गया था, जबकि इस बार चुनाव आयोग ने चरणों की संख्या घटा दी है। राज्य में पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा।

किन राज्यों में कब डाले जाएंगे वोट

असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु में मतदाता 23 अप्रैल को अपने वोट डालेंगे। इस तरह पांचों राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नतीजों की तारीख भी घोषित

चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। सभी राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई महीने में समाप्त हो रहा है, इसलिए तय समयसीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

17.4 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पांचों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं, जबकि कुल विधानसभा सीटों की संख्या 824 है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कहा कि पोलिंग स्टेशन के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी, इसे मतदान केंद्र के बाहर ही रखना होगा. वोट डालने के बाद मतदाता अपना मोबाइल वापस ले सकेंगे.

2.19 लाख मतदान केंद्र और 25 लाख अधिकारी तैनात

चुनाव आयोग के मुताबिक चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां लगभग 25 लाख चुनाव अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 750 से 900 मतदाता होंगे।

चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों के पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत अपलोड करेंगे। मतदान समाप्त होते ही अंतिम आंकड़े भी तुरंत सार्वजनिक किए जाएंगे।

पिछली बार कब हुए थे चुनाव

इन पांचों राज्यों में पिछली बार चुनाव तारीखों की घोषणा 26 फरवरी 2021 को की गई थी। उस समय पश्चिम बंगाल में आठ चरणों, असम में तीन चरणों और तमिलनाडु, केरल व पुडुचेरी में एक चरण में मतदान कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *