IAS की नौकरी छोड़कर राजनीति में उतरेंगी दिव्या मित्तल! ओम प्रकाश राजभर बोले- ‘जिसके पास पैसा…’

IAS की नौकरी छोड़ने के बाद पूर्व अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में प्रवेश करने का फैसला किया है। उनके इस फैसले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की प्रतिक्रिया सामने आई है। राजभर ने कहा कि आज के समय में जिसके पास पैसा हो जाता है, वह पैसा कमाने के बाद सीधे राजनीति में आना चाहता है।

योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के फैसले पर कहा, “ये निश्चित है कि आज की तारीख में मैं देख रहा हूं कि जिसके पास पैसा हो जा रहा है, वह पैसा कमाकर सीधे राजनीति करना चाहता है.”

राजनीति में आएंगी पूर्व IAS दिव्या मित्तल

2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया था। केंद्र सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। अब दिव्या मित्तल ने खुद अपने भविष्य की दिशा स्पष्ट करते हुए राजनीति में आने का ऐलान कर दिया है।

किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी दिव्या मित्तल

दिव्या मित्तल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो संदेश जारी कर राजनीति में प्रवेश करने की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल किसी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं बनेंगी। इसके बजाय आम लोगों के साथ मिलकर एक ऐसा राजनीतिक मंच तैयार करने की बात कही है, जो जनता से जुड़े सवालों और उनके मुद्दों को उठाएगा।

उत्तर प्रदेश से शुरू होगी सियासी पारी

पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि उनकी राजनीतिक पारी उत्तर प्रदेश से ही शुरू होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने उन्हें अपने परिवार का हिस्सा माना और बेटी की तरह अपनाया है। इसी वजह से उन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत के लिए यूपी को चुना है।

दिव्या मित्तल ने कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य किसी पद तक पहुंचना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनने के लिए राजनीति में कदम रख रही हैं, जो अपनी समस्याएं लेकर सरकारी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *