दिल्ली में शुक्रवार से तीन दिन बेवजह प्रवेश ना करें, स्कूल-कॉलेज, सरकारी दफ्तर सब बंद

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले जी-20 कार्यक्रम को लेकर एनडीएमसी क्षेत्र में गुरुवार रात 12 बजे से लेकर रविवार रात 12 बजे तक आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तर, व्यावसायिक गतिविधियां बंद रहेंगी।

इन तीन दिनों तक ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों को बेवजह नई दिल्ली नहीं आने की सलाह दी है। इसके बावजूद अगर किसी को आवश्यक काम से आना है तो वह मेट्रो का इस्तेमाल कर सकता है। तीन दिनों के लिए किस प्रकार की पाबंदिया होंगी इस रिपोर्ट में जानें…

मेट्रो आसान करेगी सफर
मेट्रो परिचालन पर 8 से 10 सितंबर तक किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं होगा। दिल्ली में केवल सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन तीन दिन के लिए बंद होगा। इसके अलावा अन्य किसी भी मेट्रो स्टेशन पर सामान्य दिनों की तरह आवाजाही रहेगी। जी-20 कार्यक्रम के चलते पुलिस आयुक्त की अपील पर मेट्रो परिचालन सुबह 4 बजे से शुरु किया जाएगा। वीवीआईपी के आने-जाने के दौरान मेट्रो स्टेशन के कुछ गेट 5 से 10 मिनट के लिए बंद किए जा सकते हैं। मेट्रो से बस अड्डा, रेलवे स्टेशन एवं एयरपोर्ट जाना भी आसान होगा।

NDMC क्षेत्र पाबंदिया, बाकी जगह बस/कैब/टैक्सी/ऑटो चलेंगी
एनडीएमसी क्षेत्र को छोड़ पूरी दिल्ली में बस बस/कैब/टैक्सी/ऑटो के परिचालन पर कोई रोक नहीं होगी। एनडीएमसी क्षेत्र में उस कैब/टैक्सी/ऑटो को आने की अनुमति दी जाएगी जिसमें सवारी नई दिल्ली की निवासी हो। इसके अलावा अगर नई दिल्ली के किसी होटल की बुकिंग हो या आवश्यक सेवा में जुटे कर्मचारी हों तो वह भी इनका इस्तेमाल कर नई दिल्ली आ सकेंगे। जिन यात्रियों के पास रेलवे सफर के लिए टिकट होगा उन्हें भी कैब/टैक्सी/ऑटो से नई दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति होगी।

रिंग रोड से भीतर नहीं जा सकेंगे निजी वाहन
दिल्ली के बॉर्डर से वह गाड़ियां अंदर दाखिल नहीं हो सकेंगी जिनका गंतव्य स्थान दिल्ली नहीं है। दिल्ली में रिंग रोड पर गाड़ियों को चलने की अनुमति होगी लेकिन रिंग रोड से वह नई दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। धौला कुआं से सराय काले खां और राजघाट तक रिंग रोड से गाड़ियां नई दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। इसके अलावा अन्य क्षेत्र में गाड़ियों के चलने पर किसी प्रकार की रोक नहीं होगी। नई दिल्ली में भी वह लोग अपने निजी वाहन लेकर जा सकेंगे जो इस क्षेत्र के निवासी हैं। लेकिन उन्हें अपने पते से संबंधित दस्तावेज दिखाना होगा।

दिल्ली-एनसीआर में इन रास्तों का करें इस्तेमाल
उत्तर&दक्षिण के बीच आने जाने के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, दिल्ली&मेरठ एक्सप्रेसवे, नोएडा लिंक रोड, पुस्ता रोड, युधिष्ठिर सेतु, आई.एस.बी.टी कश्मीरी गेट, रिंग रोड होते हुए मजनू का टीला जा सकते हैं। एम्स चौक से रिंग रोड, धौला कुआं, बरार स्क्वायर, नारायणा फ्लाईओवर, राजौरी गार्डन जंक्शन, पंजाबी बाग होते हुए आजाद पुर चौक जा सकेंगे। पूर्व–पश्चिम के बीच डीएनडी फ्लाईओवर से रिंग रोड, आश्रम चौक, मूलचंद अंडरपास, एम्स चौक, रिंग रोड, धौला कुआं, बरार स्क्वायर होते हुए नारायणा फ्लाईओवर तक पहुंच सकेंगे।

अस्पताल जाने पर रोक नहीं
अस्पताल जाने वाले मरीजों के लिए किसी प्रकार की रोक नहीं होगी। उन्हें निजी वाहन से भी अस्पताल जाने दिया जाएगा। लेकिन उन्हें उपचार से संबंधित दस्तावेज दिखाने होंगे। आपातकाल स्थिति होने पर बिना दस्तावेज भी पुलिस मरीज को अस्पताल जाने देगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर संभव हो तो अस्पताल जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक पुलिस द्वारा प्रमुख स्थानों पर कैट्स एंबुलेंस भी तैनात करवाई जाएगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाई जा रही हेल्पलाइन नंबर 6828400604 और 112 पर कॉल कर लोग मदद ले सकेंगे।

केवल नई दिल्ली स्थित बाजार रहेंगे बंद
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार नई दिल्ली स्थित सभी प्रमुख बाजार जैसे कनॉट प्लेस, खान मार्केट, बंगाली मार्केट, जनपथ, गुजराती मार्केट, पालिका बाजर आदि बंद रहेंगे। यहां किसी प्रकार की कारोबारी गतिविधि 8 से 10 सितंबर तक नहीं होगी। नई दिल्ली इलाके में केवल आवश्यक वस्तु जैसे राशन, दूध, फल, सब्जी, दवाईयां आदि की दुकानें खुली रहेंगी। नई दिल्ली को छोड़ अन्य इलाकों में किसी भी प्रकार की दुकानों को खोलने पर कोई पाबंदी नहीं होगी।

गुरुवार से रविवार तक स्कूल रहेंगे बंद
राजधानी के सभी स्कूल गुरुवार से रविवार तक बंद रहेंगे। इसमें न केवल नई दिल्ली बल्कि पूरी दिल्ली के स्कूल-कॉलेज शामिल हैं। गुरुवार को जन्माष्टमी के चलते स्कूलों में अवकाश है। वहीं शुक्रवार से लेकर रविवार तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश दिल्ली सरकार की तरफ से जारी है। इस दौरान नई दिल्ली को छोड़ अन्य क्षेत्रों में कोचिंग इंस्टीटयूट खुल सकते हैं। 8 से 10 सितंबर तक नई दिल्ली स्थित सभी सरकारी एवं निजी दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे। यहां किसी भी कर्मचारी को आने की अनुमति नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *