Diljit Dosanjh को मिला BJP नेता का समर्थन, पाकिस्तानी एक्ट्रेस को लेकर हो रहे विरोध के बीच दिया बड़ा बयान

पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग फिल्म ‘सरदार जी 3’ इन दिनों विवादों में घिरी हुई है। फिल्म में पाकिस्तानी अदाकारा हानिया आमिर की मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त विरोध हो रहा है। इसी बीच बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने दिलजीत के समर्थन में उतरकर नया मोड़ ला दिया है।

ट्रेलर न देखकर भी मचा बवाल

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का ट्रेलर भारत में उपलब्ध नहीं है, फिर भी विरोध थमता नजर नहीं आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है कि फिल्म का ट्रेलर पाकिस्तान के शहरों—लाहौर, कराची, इस्लामाबाद, फैसलाबाद और सियालकोट—में रिलीज किए जाने की योजना है। यही वजह है कि कई दर्शकों ने इसे ‘राष्ट्रविरोधी’ करार देते हुए फिल्म और दिलजीत पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

FWICE ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

विवाद के बढ़ने पर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिलजीत दोसांझ और फिल्म की टीम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने दिलजीत की नागरिकता रद्द करने और उनका पासपोर्ट जब्त करने तक की अपील की है।

आर.पी. सिंह ने बताया ‘राष्ट्रीय संपत्ति’

इस पूरे विवाद पर बीजेपी प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने दिलजीत के पक्ष में ट्वीट करते हुए लिखा,

“दिलजीत सिर्फ एक कलाकार नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति का अंतरराष्ट्रीय चेहरा और देश की एक बहुमूल्य धरोहर हैं। FWICE द्वारा उनकी नागरिकता रद्द करने की मांग अतार्किक और अनुचित है। देशभक्ति को हथियार बनाना बंद करें और इस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।”

“भारत-पाक क्रिकेट मैच पर कोई सवाल क्यों नहीं?”

आर.पी. सिंह ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सवाल उठाया कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होते हैं, तो किसी को आपत्ति नहीं होती। उन्होंने कहा कि

“टीआरपी बढ़ाने के लिए पाकिस्तानी मेहमानों को बुलाने वाले टीवी चैनलों से कोई सवाल नहीं किया जाता, लेकिन एक कलाकार को लेकर राष्ट्रवाद की दुहाई दी जा रही है। राष्ट्रवाद को इतना सस्ता न बनाएं।”

विदेशों में रिलीज की योजना, भारत में ट्रेलर ब्लॉक

दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बताया था कि ‘सरदार जी 3’ केवल विदेशों में रिलीज की जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेलर भारत में यूट्यूब पर उपलब्ध नहीं है और यूजर्स को “यह वीडियो आपके देश में उपलब्ध नहीं है” का नोटिस दिख रहा है। इसके बावजूद भारत में विरोध तेज हो गया है और ट्विटर (अब एक्स) सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #BoycottDiljit ट्रेंड कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *