Delhi Rape Case: दिल्ली में 9 साल की बच्ची से दरिंदगी, सूटकेस में मिला शव, आरोपी की तलाश में पुलिस की 6 टीमें सक्रिय

Delhi Rape Case, दिल्ली में 9 साल की बच्ची से दरिंदगी, सूटकेस में मिला शव, आरोपी की तलाश में पुलिस की 6 टीमें सक्रिय

Delhi Rape Case: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के दयालपुर थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। डी-ब्लॉक इलाके में एक 9 साल की मासूम बच्ची का शव एक फ्लैट में सूटकेस के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला है। बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छह टीमें गठित की गई हैं।

बर्फ देने निकली थी बच्ची, दो घंटे बाद मिली लाश

परिजनों के मुताबिक, बच्ची अपने घर से पास में रहने वाली बड़ी अम्मी को बर्फ देने के लिए निकली थी। लेकिन काफी देर तक वापस न लौटने पर घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि बच्ची को करीब 200 मीटर दूर बने एक फ्लैट की ओर जाते देखा गया था।

बच्ची के पिता जब बताए गए फ्लैट की दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो पाया कि फ्लैट के बाहर से ताला बंद था। संदेह होने पर उन्होंने ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुए, तो उनके होश उड़ गए। बच्ची एक सूटकेस में बेहोश पड़ी थी, उसके शरीर के नीचे के कपड़े नहीं थे और शरीर पर खून के निशान थे।

अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

बच्ची को फौरन पास के एक नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया।

गंभीरता से जांच में जुटी पुलिस, कई जगह छापेमारी

पुलिस ने घटना को बेहद गंभीर मानते हुए छह विशेष टीमें बनाई हैं जो आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। दिल्ली के अलावा हापुड़, पिलखुवा और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के कई इलाकों में देर रात तक रेड की गई।

दुष्कर्म की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह मामला एक बार फिर दिल्ली में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा करता है। इस अमानवीय घटना से हर संवेदनशील नागरिक आहत है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाने की मांग उठ रही है।

पुलिस और प्रशासन की अग्निपरीक्षा अब यही है कि जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित करें और मासूमों की सुरक्षा का भरोसा बहाल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *