नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के मौके पर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार दिव्यांगजन और उनके परिजनों के लिए एक बड़ी योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत दिव्यांगों की देखभाल करने वालों को हर महीने 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
अमित शाह करेंगे योजना की शुरुआत
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस योजना का शुभारंभ करेंगे। यह राशि सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी। सीएम ने कहा, “दिव्यांग लोग समाज के अभिन्न अंग हैं, उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीने का हक है। यह योजना सुनिश्चित करेगी कि वे और उनका परिवार उपेक्षित महसूस न करें।”
कौन होंगे पात्र?
सरकारी बयान के मुताबिक, इस योजना का लाभ उन्हीं को मिलेगा—
- जिनकी दिव्यांगता कम से कम 40% हो।
- जिला बोर्ड द्वारा 60 से 100 अंक की उच्च सहायता आवश्यकता प्रमाणित हो।
- आवेदनकर्ता कम से कम 5 साल से दिल्ली का निवासी हो।
- परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये से अधिक न हो।
- आधार आधारित वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा।
कैसे करें आवेदन?
- आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट (e-District) पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
- आवेदन को जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रोसेस करेंगे।
- इसके बाद आकलन बोर्ड द्वारा वेरिफिकेशन किया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह स्कीम सिर्फ आर्थिक मदद नहीं बल्कि दिव्यांगों की सामाजिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने का प्रयास है।