गुरुवार को दिल्ली के मुंगेशपुर में 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस बढ़े हुए तापमान की खबर सुनकर वैज्ञानिक भी हैरान हैं। भारतीय मौसम विभाग ने इस स्वचालित मौसम केंद्र में लगे सेंसर की जांच करने का निर्देश दिया है।बता दें कि गुरुवार को दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
यह लगातार दूसरा दिन है जब दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 52 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने मुंगेशपुर स्वचालित मौसम केंद्र के सेंसर में कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई है। इसको लेकर विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौसम केंद्र का तापमान 52.9 डिग्री पहुंचा था या नहीं।
गुरुवार को दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपडेट देते हुए बताया कि गुरुवार को हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शहरों और कस्बों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। इसके अलावा रोहतक और प्रयागराज में 48.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
बुधवार को जब मुंगेशपुर के स्वचालित मौसम केंद्र पर तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो दिल्ली में हाहाकर मच गया। क्योंकि अब तक दिल्ली के इतिहास में दर्ज किया गया सबसे ज्यादा तापमान था। गुरुवार को एक बार फिर से वही हुआ। इस बार तापमान और ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि, गुरुवार को केंद्र पर दर्ज किए गए तापमान पर मौसम विभाग ने जांच का निर्देश दिया है। मौसम विभाग का मानना है कि स्वचालित मौसम केंद्र के सेंसर में कमी की वजह से ऐसा हो सकता है।
बीते दिन दिल्ली में हल्की बारिश के बाद गर्मी से कुछ राहत मिली थी। हालांकि, बुधवार को एक बार फिर से गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी राहत मिलने के कम आसार हैं।