लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सातों चरणों का मतदान हो चुका है। मतगणना 4 जून को होगी। पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे लोकसभा चुनाव रिजल्ट से दो दिन पहले यानी रविवार 2 जून को जारी किए जाएंगे।नतीजों से पहले ही यहां भाजपा 10 सीट जीत चुकी है। यहां 19 अप्रैल को मतदान हुआ था।अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां मतगणना लोकसभा चुनाव के नतीजों से दो दिन पहले रविवार को जारी किए जाएंगे। हालांकि पूर्वोत्तर राज्य की दो लोकसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती 4 जून को ही होगी। चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनावों के लिए मतपत्रों की गिनती पहले कर दी गई है। यहां वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 2 जून को समाप्त हो रहा है।
मतगणना से पहले ही 10 सीट जीत चुकी भाजपा
राज्य विधानसभा में 60 सीट हैं, लेकिन मतदान केवल 50 सीटों के लिए हुआ था। दरअसल, मुख्यमंत्री पेमा खांडू और डिप्टी सीम चोवा मीन सहित भाजपा के 10 उम्मीदवारों ने अपनी सीटें निर्विरोध जीत लीं हैं।
सुबह 6 बजे से काउंटिंग
अरुणाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार सैन ने बताया, “25 जिला मुख्यालयों के 40 मतगणना केंद्रों पर रविवार सुबह 6 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी। उसके बाद सुबह करीब साढ़े छह बजे ईवीएम की गिनती की जाएगी। दोपहर तक गिनती खत्म होने की उम्मीद है।” उन्होंने आगे कहा कि प्रक्रिया सुचारू रूप से चले यह सुनिश्चित करने के लिए मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, परिणामों की घोषणा के बाद किसी भी विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी।गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को 82.95% मतदान हुआ था। भाजपा ने सभी 60 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, वहीं विपक्षी कांग्रेस ने केवल 19 सीटों पर चुनाव लड़ा। जिन सीटों पर भाजपा ने निर्विरोध जीत हासिल की है उनमें जीरो-हापोली, तलिहा, ताली, सागली, रोइंग, मुक्तो, ईटानगर, हयुलियांग, चौखम और बोमडिला शामिल हैं।
2019 में कैसा था चुनावी परिणाम
2019 में भाजपा ने 41 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी। जनता दल यूनाइटेड ने 7, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने 5, कांग्रेस ने 4, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश ने 1 और बाकी 2 सीटें निर्दलीयों ने हासिल की थीं।