बुलडोजर और डंडे से सरकार नहीं चलती, विधानसभा घेरने पहुंचे कांग्रेसियों पर पुलिस का एक्शन?

मंगलवार को नवाबों के शहर लखनऊ की सड़कों पर सियासी पारा अचानक हाई हो गया, जब कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करने के लिए कूच कर दिया। मनरेगा (MGNREGA) में किए गए बदलावों और बेरोजगारी समेत कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर हजारों की संख्या में कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन को उग्र होता देख प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस को कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की का माहौल बना रहा।

आराधना मिश्रा मोना का बड़ा आरोप- गांधी का नाम मिटाना चाहती है सरकार

प्रदर्शन की अगुवाई कर रही कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने केंद्र सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में मनरेगा को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की। आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि “देश में NREGA केवल कानून नहीं बल्कि ग्रामीण रोजगार का सबसे बड़ा साधन रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह महात्मा गांधी के नाम को समाप्त किया गया, उससे सरकार की मंशा स्पष्ट होती है। उन्होंने बताया कि एआईसीसी (AICC) पूरे देश में आंदोलन कर रही है और उसी क्रम में आज विधानसभा घेराव का आह्वान किया गया है।

‘बुलडोजर से नहीं चलती सरकार’- अजय राय की ललकार

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पुलिस की नाकेबंदी और सरकार के रवैये पर तीखा हमला बोला। अजय राय ने कहा, “आज ये जो बैरिकेडिंग और पुलिस का घेरा खड़ा किया गया है, ये हमारी आवाज दबाने की कोशिश है। लोकतंत्र में डराना-धमकाना और डंडे के जोर पर हुकूमत करना राज नहीं कहलाता। सरकारें प्यार और भरोसे से चलती हैं, न कि बुलडोजर और खौफ से।” उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने आगे कहा कि “सनातन की गुरु-शिष्य परंपरा और हमारी आस्था को कोई सरकार या अदालत तय नहीं कर सकती, ये तो सदियों से चली आ रही रीत है… जब तक गांधी जी का आशीर्वाद और जनता का साथ हमारे साथ है, हम न रुकेंगे और न झुकेंगे।”

मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं: अविनाश पांडे

इस प्रदर्शन में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने भीड़ के जोश को देखते हुए सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “हजारों की संख्या में कार्यकर्ता यहां उपस्थित हैं। उनका जोश कह रहा है कि MGNREGA को बदलकर इस सरकार ने मजदूरों के साथ जो अन्याय किया है उसके लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।” कांग्रेस का आरोप है कि सरकार मनरेगा के ढांचे में बदलाव करके गरीबों के पेट पर लात मार रही है और इसी के विरोध में आज लखनऊ में यह शक्ति प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *