उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का गोरखपुर दौरा एक बार फिर चर्चा में आ गया, जब उन्होंने मंच से बीजेपी सांसद पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। सोमवार को गोरखपुर में आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी बेहद लाइट मूड में नजर आए और उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मुख्यमंत्री तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने वर्षों से निकाली जा रही भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में हिस्सा लिया और लोगों के साथ फूलों की होली खेली। साथ ही उन्होंने नागरिकों से शांतिपूर्ण और सम्मानपूर्वक होली मनाने की अपील भी की।
सांसद रवि किशन पर ली हल्की-फुल्की चुटकी
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने गोरखपुर से सांसद Ravi Kishan और कालीबाड़ी के महंत रवीन्द्र दास के बीच चली आ रही खींचतान का जिक्र करते हुए कहा कि होली का पर्व लोगों को जोड़ने का त्योहार है। उन्होंने कहा कि मन की कड़वाहट भूलकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने मंच की ओर इशारा करते हुए बताया कि पहले दोनों के बीच “36 का आंकड़ा” था, लेकिन अब वे एक साथ बैठे हैं।
‘नाच-गाकर भी कमा लेंगे…’ बयान पर गूंजी तालियां
गोरखपुर के पांडेयहाता इलाके में सकरी गली के चौड़ीकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “किसी को उजाड़ना नहीं है.. उनके व्यापार को आगे बढ़ाना है, रवि किशन तो कहीं भी नाच-गाकर पैसा कमा सकता है लेकिन, कालीबाड़ी के बाबा कहां से कमाएंगे? जब आपकी समृद्धि होगी तब बाबा के पास भी कुछ आएगा और इसलिए इस गलियारे को विशेष रूप से गोरखपुर का पुराना गोरखपुर है. पहले यहीं से पूरा पूर्वी उत्तर प्रदेश का व्यापार संचालित होता था.”
सीएम योगी के इस बयान के बाद मंच पर मौजूद सांसद रवि किशन भी हंस पड़े और सभा स्थल पर तालियों और ठहाकों की गूंज सुनाई दी। मुख्यमंत्री खुद भी मुस्कुराते नजर आए।
रवि किशन ने भी की मुख्यमंत्री की तारीफ
इससे पहले सांसद रवि किशन ने भी मुख्यमंत्री की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री सिंगापुर और जापान दौरे से लौटे हैं, ऐसे में उनके स्वागत में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हम डीजे वाले से कहेंगे कि “रंग बरसे” गाना चलाइए।