उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (23 जुलाई) को गोरखपुर को बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर सौगात देते हुए शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। ट्रांसपोर्ट नगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने इस फ्लाईओवर का उद्घाटन रेड कार्पेट पर फीता काटकर किया गया, जिसके बाद इसे आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया गया।
करीब 2.6 किलोमीटर लंबे इस सिक्सलेन फ्लाईओवर के निर्माण में लगभग तीन साल का समय लगा है। इसकी कुल लागत 429.49 करोड़ रुपये बताई गई है। उद्घाटन के साथ ही फ्लाईओवर का भगवा और सफेद रंग में रंगा गया डिवाइडर भी लोगों और राजनीतिक दलों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
सपा सरकार पर बरसे CM योगी, गिनाए परियोजना के फायदे
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “2017 से पहले यह संभव नहीं था क्योंकि सपा के शासनकाल में अराजकता थी और दंगे होते थे.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए सिक्सलेन फ्लाईओवर और देवरिया बाईपास की ओर जाने वाले फोरलेन मार्ग से लगभग 50 लाख से 1 करोड़ लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उनके अनुसार, इस परियोजना से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और लोगों का समय भी बचेगा।
उन्होंने बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का उदाहरण देते हुए कहा, “आज से 7-8 साल पहले लखनऊ से गोरखपुर की दूरी तय करने में 5 से 6 घंटे लगते थे, जो अब बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण घटकर मात्र ढाई से तीन घंटे रह गई है.”
गोरखपुर के लिए दो और बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गोरखपुर में जल्द साइंस म्यूजियम के निर्माण की घोषणा भी की। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ के नाम पर एक श्रमजीवी महिला हॉस्टल बनाए जाने की भी घोषणा की।
भगवा रंग के डिवाइडर पर शुरू हुई राजनीतिक चर्चा
फ्लाईओवर के डिवाइडर और कार्यक्रम स्थल को भगवा रंग में सजाए जाने को लेकर भी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह और बीजेपी नेता विभ्राट चंद कौशिक ने कहा कि ‘भगवा सनातन का प्रतीक है’ और विकास कार्यों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
वहीं, कई स्थानीय लोगों ने भी फ्लाईओवर के उद्घाटन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बेहतर यातायात सुविधा है और डिवाइडर का रंग कोई बड़ा मुद्दा नहीं है।
ओबीसी पार्टी ने दी अलग राय
ओबीसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सपा सरकार थी तो वे लाल-हरे रंग का इस्तेमाल करते थे, आज बीजेपी की सरकार है तो वह भगवा रंग का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन, अगर इस फ्लाईओवर के डिवाइडर को ‘तिरंगे के रंग’ में रंगा जाता तो हम सभी को और अधिक गर्व की अनुभूति होती.”