कयामत तक नहीं बनेगी बाबरी मस्जिद, बाराबंकी में गरजे सीएम योगी, विरोधियों को दी सीधी चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर और बाबरी मस्जिद को लेकर अब तक का सबसे बड़ा और कड़ा बयान दिया है. अपने उग्र तेवर के लिए जाने जाने वाले सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि कयामत के दिन तक भी बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा. उन्होंने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग उस ढांचे की वापसी का सपना देख रहे हैं, वो सपना कभी पूरा नहीं होगा.

‘रामलला हम आए और मंदिर वहीं बनाया’

सीएम योगी ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, “हम लोगों ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. मंदिर वहीं पर बन गया. आज फिर हम कह रहे हैं कि कयामत के दिन तक भी बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण होना ही नहीं है.” उन्होंने कहा कि जो लोग कयामत का इंतजार कर रहे हैं, वो ऐसे ही सड़-गल जाएंगे, लेकिन वो दिन कभी नहीं आएगा.

केसरिया ध्वज और सनातन का गौरव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने 25 नवंबर को अयोध्या धाम में आकर सनातन के प्रतीक श्री राम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था. ये केसरिया ध्वज हमेशा ही भारत के इस गौरव को आगे बढ़ाता रहेगा.”

‘भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक’

मुख्यमंत्री ने देश के खिलाफ रची जा रही साजिशों पर भी लोगों को आगाह किया. उन्होंने कहा कि भारत और सनातन धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं और इन्हें अलग नहीं किया जा सकता. सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा, “जिन लोगों को भारत की प्रगति अच्छी नहीं लग रही है, वे लोग साजिश में लगे हुए हैं. कुछ लोग साजिश कर रहे हैं, कुछ शिकार हो रहे हैं और कुछ बिक चुके हैं. हमें इन तीनों प्रवृत्तियों को रोकने के लिए तैयार रहना होगा.”

16 करोड़ परिवारों को पेंशन

राजनीतिक हमलों के बीच सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने बताया कि प्रदेश में कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. सीएम ने दावा किया कि “प्रदेश के 16 करोड़ परिवारों को हर साल पेंशन दी जा रही है,” जो सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *