
इस बीच दिल्ली पुलिस ने भी पिछले दो दिनों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की मिली धमकियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच शुरू की है। विमानन कंपनी ‘अकासा एयर’ की बेंगलुरु जाने वाली उड़ान बम की धमकी मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आई जिसमें 180 से अधिक यात्री सवार थे।सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में सोशल मीडिया खातों के जरिए अलग-अलग उड़ानों को बम धमकियां मिलने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये विमान अलग-अलग देशों और राज्यों के लिए उड़ान भरने वाले थे। पिछले दो दिनों में कुछ अंतरराष्ट्रीय सहित करीब 12 भारतीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली, हालांकि विमानों की तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी की संख्या बढ़ सकती है।धमकी भरे संदेशों के मामलों में आरोपियों की पहचान की जा रही है
विभिन्न एयरलाइन को कई धमकी भरे फर्जी संदेश मिलने का मुद्दा बुधवार को एक संसदीय समिति के समक्ष उठाया गया जिस पर नागरिक उड्डयन सचिव ने सांसदों को बताया कि आरोपियों की पहचान तथा कार्रवाई की जा रही है। नागरिक उड्डयन सचिव वुमलुनमंग वुअलनाम ने जनता दल (यू) के सांसद संजय झा की अध्यक्षता वाली परिवहन, पर्यटन और संस्कृति से संबंधित स्थायी समिति की बैठक में कहा कि जांचकर्ताओं ने कुछ जानकारी एकत्र की है और कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे ऐसे फर्जी संदेशों के कुछ अन्य मामलों पर भी काम कर रहे हैं।सूत्रों के मुताबिक, वुअलनाम ने जांच जारी होने के कारण मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए अधिक विवरण साझा करने से इनकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, झा ने पिछले कुछ दिनों में विमानन कंपनियों को कई धमकी भरे फर्जी संदेश मिलने का मुद्दा उठाया।