लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के जालंधर से सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर ईस्ट से पार्टी के विधायक शीतल अंगुरल बीजेपी में शामिल होने से पंजाब में सियासी भूचाल आ गया है। अब आप के तीन विधायकों ने प्रेस कांफ्रेंस कर बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है।जलालाबाद से आप विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने कहा कि कल उनके पास कॉल आया, जिसमें उन्हें भाजपा ज्वॉइन करने का ऑफर दिया और बदले में 25 करोड़ देने की बात भी कही। ऐसे ही ऑफर दूसरे विधायकों को भी आ रहे हैं।
अच्छा पद और वाई प्लस सिक्योरिटी का लालच
लुधियाना साउथ की विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने बताया कि उन्हें भी विदेशी नंबर से फोन कर कहा गया कि वह भाजपा में शामिल हो जाएं और उन्हें कहा गया कि वह या तो लोकसभा चुनाव लड़ लें या कोई अच्छा पद ले लें। इसके साथ ही बल्लुआना विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमनदीप सिंह मुसाफिर ने कहा कि उन्हें भी ऐसे ही फोन कर करोड़ों रुपए और वाई प्लस सिक्योरिटी की ऑफर दी गई थी।
भाजपा के मंसूबे नहीं होने देंगे पूरे
आप विधायकों ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद अब जहां भी आम आदमी पार्टी की सरकार थी, वहां भाजपा विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने पूरा जोर लगा दिया है कि आप के वर्करों, विधायकों और सांसदों को खरीदा जाए। हमारे और भी विधायकों को कॉल आने शुरू हो गए हैं। अंग्रेजों से भी पंजाबियों ने लड़ाई लड़ी, मुगलों से भी पंजाबियों ने लड़ाई लड़ी। भाजपा जितना भी जोर लगा ले पर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सोच को नहीं खरीद सकते।