एडमिट कार्ड लेने निकलीं 4 सहेलियां दिल्ली से बरामद, दो का लड़का वाला रूप देख पुलिस भी रह गई दंग

बिहार के गयाजी से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 16 जनवरी से लापता चार सहेलियों को पुलिस ने देश की राजधानी दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया, लेकिन लड़कियों के मिलने के बाद जो सच सामने आया, उसने परिजनों और पुलिस अधिकारियों, दोनों के होश उड़ा दिए। ये चारों लड़कियां नाबालिग हैं और एक साथ रहने की कसम खाकर घर से भागी थीं। जब पुलिस वहां पहुंची तो देखा कि चार में से दो लड़कियों ने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था और लड़कों के कपड़े पहन रखे थे।

मैट्रिक का एडमिट कार्ड लेने के बहाने घर से निकली थीं

यह पूरा घटनाक्रम गया के डेल्हा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ये चारों लड़कियां एक ही स्कूल में पढ़ती हैं और गहरी दोस्त हैं। 16 जनवरी को वे अपने घर से यह कहकर निकली थीं कि वे स्कूल से मैट्रिक परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने जा रही हैं। लेकिन जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बाद जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो डेल्हा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सुशील कुमार ने तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया।

पुलिस ने फ्लाइट से जाकर दिल्ली में दबोचा

जांच के दौरान एसआईटी और टेक्निकल सर्विलांस टीम को इन लड़कियों की लोकेशन पहले बिहार के बक्सर में मिली। लेकिन जब तक पुलिस वहां पहुंचती, वे वहां से निकल चुकी थीं और उनके दिल्ली पहुंचने के सुराग मिले। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए हवाई जहाज से दिल्ली जाने का फैसला किया। दिल्ली पहुंचकर जब पुलिस टीम ने उन्हें बरामद किया, तो नजारा हैरान करने वाला था। चारों सहेलियों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया था और इसी योजना के तहत दो लड़कियों ने लड़कों की वेशभूषा धारण कर ली थी।

अब कोर्ट में दर्ज होगा बयान

टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गया पुलिस जब दिल्ली पहुंची तो दो लड़कियों को लड़कों के कपड़ों में देखकर हैरान रह गई। पुलिस की मुस्तैदी से चारों को सुरक्षित वापस गया लाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी बरामद लड़कियों का बयान अब कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *