बिहार चुनाव पर ओपी राजभर का बड़ा ऐलान, बोले- NDA के साथ लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच यूपी के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी पार्टी एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी और यहां एनडीए की सरकार बनेगी।

सुल्तानपुर की रैली में किया दावा

बुधवार को सुल्तानपुर के इसौली में आयोजित रैली के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर 75 किलो का केक काटा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) का मसौदा तैयार हो चुका है और पार्टी एनडीए के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

“बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी”

सभा को संबोधित करते हुए राजभर ने कहा, “बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और हम एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।” उन्होंने INDIA गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि वहां की जनता ने कांग्रेस और आरजेडी दोनों को झेला है। आरजेडी के शासनकाल में लोगों ने जंगलराज का दर्द सहा है।

29 सीटों पर दावेदारी

ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि उनकी पार्टी बिहार की 29 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि बिहार में राजभर समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद हैं और कई सीटों पर निर्णायक प्रभाव डाल सकते हैं।

पटना अधिवेशन में भरी हुंकार

राजभर ने पिछले हफ्ते पटना में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुभासपा बीते बीस सालों से बिहार की राजनीति में सक्रिय रही है और पंचायत से लेकर विधानसभा व लोकसभा चुनाव तक हिस्सा ले चुकी है। राजभर ने यह भी दावा किया कि बिहार बीजेपी और राष्ट्रीय नेताओं से लगभग 70% बातचीत पूरी हो चुकी है और जल्द ही सीटों के बंटवारे पर फैसला हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *