बिहार कैबिनेट पोर्टफोलियो पर बड़ा सवाल: क्या नीतीश कुमार ने गृह विभाग सम्राट चौधरी को दिया? JDU-BJP ने साफ की तस्वीर

बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन और 26 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच शुक्रवार (21 नवंबर, 2025) को एक लिस्ट सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें बीजेपी के मंत्रियों और उनके विभागों का नाम लिखा हुआ है। इस लिस्ट में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने ‘गृह विभाग’ लिखे होने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

अगर यह लिस्ट सही साबित होती है, तो यह पहली बार होगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास यह महत्वपूर्ण विभाग नहीं रहेगा, क्योंकि गृह विभाग पारंपरिक रूप से नीतीश कुमार के पास ही रहा है और वह इसे कभी छोड़ना नहीं चाहते थे।

बिहार बीजेपी ने शेयर की लिस्ट

बिहार बीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल से यह लिस्ट शेयर की गई है। इस पोस्ट में बीजेपी के 14 मंत्रियों के नाम और उनके सामने संभावित विभाग का नाम लिखा गया है, साथ ही उन्हें बधाई भी दी गई है।

पोस्ट में लिखा गया:

“बिहार के सभी नवनियुक्त माननीय मंत्रीगण को विभाग आवंटित होने की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं! जनसेवा के संकल्प के साथ कार्यभार संभालने वाले सभी माननीय मंत्रीगण आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में सुशासन और स्थिरता को नई दिशा देंगे।”

बीजेपी और जेडीयू ने लिस्ट पर क्या कहा?

इस विवादित लिस्ट को लेकर दोनों प्रमुख घटक दलों की ओर से अलग-अलग बयान सामने आए हैं:

  • बीजेपी का दावा: बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि यह लिस्ट सही है और फेक नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि गृह विभाग सम्राट चौधरी को मिल रहा है।

  • जेडीयू की प्रतिक्रिया: उधर, जेडीयू के एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस लिस्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि “यह जो अभी चल रहा है इस पर हम कंफर्म नहीं हैं। कोई ऑथेंटिक लेटर नहीं है, इसलिए इस पर हम कुछ नहीं कर सकते हैं।”

फिलहाल, आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार है, लेकिन गृह विभाग को लेकर सामने आई इस लिस्ट ने नई सरकार के भीतर शक्ति संतुलन को लेकर बड़े संकेत दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *