
बिहार में कांग्रेस ने अपने हिस्से की बाकी बची छह सीटों में से पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। सोमवार की शाम पार्टी की ओर से लिस्ट जारी कर दिया गया।
कांग्रेस ने भाजपा छोड़कर दल में शामिल होने वाले सांसद अजय निषाद को मुजफ्फरपुर से प्रत्याशी बनाया है। अब वे भाजपा प्रत्याशी राजभूषण निषाद के खिलाफ ताल ठोकेंगे। वरिष्ठ जदयू नेता व बिहार सरकार में मंत्री महेश्वर हजारी के पुत्र सन्नी हजारी को समस्तीपुर से उम्मीदवार बनाया है। सन्नी हजारी भी हाल में ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। सन्नी हजारी मंगलवार को नामांकन करेंगे। पश्चिम चंपारण से मदन मोहन तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी को प्रत्याशी बनाया गया है। सासाराम से मनोज कुमार भारती को चुनावी मैदान में उतारा है।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह के पुत्र आकाश प्रसाद सिंह को महाराजगंज से प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि पटना साहिब सीट की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन केंद्रीय चुनाव कमेटी द्वारा मीरा कुमार के पुत्र अंशुल कुमार अभिजीत का नाम तय होनी की जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी है।
गौरलब है कि रविवार को कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी से जारी सूची में अंतर है। पार्टी ने सासाराम सुरक्षित सीट से विश्वनाथ राम को नहीं बल्कि मनोज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। 2019 के चुनाव में मनोज बसपा के टिकट पर यहां से लड़े थे।