
भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2023 का फाइनल रविवार (17 सितंबर) को कोलंबो में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने एशिया कप के लीग चरण और सुपर 4 में जर्बदस्त प्रदर्शन किया है। भारत ने एशिया कप में कुल 5 मैच खेले, जिसमें से तीन में जीत हासिल की और एक में हार मिली, जबकि एक मुकाबला रद्द हो गयाा था।
वहीं श्रीलंका की टीम ने अपने 5 मुकाबलों में से चार में जीत हासिल की और एक में उसे हार मिली। भारत और श्रीलंका की टीमें एशिया कप में 23वीं बार आमने-सामने होंगी, जहां भारत आठवीं बार चैंपियन बनने उतरेगा तो वहीं दूसरी तरफ श्रीलंका की नजरें भारत के रिकॉर्ड की बराबरी करने पर होंगी।
भारत और श्रीलंका के बीच कुल 166 मैच खेले जा चुके हैं, जहां भारत ने 97 मैच जीते हैं, तो वहीं श्रीलंका ने 57 मुकाबले अपने नाम किए हैं। रविवार को भी दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। एशिया कप के फाइनल मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने आई हैं। भारत ने 5 बार खिताब जीता है, जबकि श्रीलंका ने तीन बार बाजी मारी है।
भारतीय टीम ने पिछले पांच वर्षो में कोई खिताब नहीं जीता है जिससे रविवार को उसके लिए अपनी कैबिनेट में एक और ट्रॉफी शामिल करने का अच्छा मौका होगा। भारत ने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में अंतिम खिताब 2018 में जीता था, जब रोहित की टीम ने दुबई में एशिया कप में बांग्लादेश को तीन विकेट से हराया था।भारत और श्रीलंका के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में 37 वनडे मैच खेला गया है, इसमें से 18 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि श्रीलंका ने 16 जीते हैं। तीन मैच के रिजल्ट नहीं निकले।
भारत 2019 वनडे विश्व कप और 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा। 2019 में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में उसे न्यूजीलैंड से और 2023 डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत:
रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या (उप कप्तान), रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर (चोटिल अक्षर पटेल के लिए कवर)।
श्रीलंका:
दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल जेनिथ परेरा, कुसल मेंडिस (उप कप्तान), चरिथ असालंका, धनंजय डिसिल्वा, सदीरा समरविक्रमा, महीश तीक्षणा, दुनिथ वेलालागे, माथीशा पाथिराना, कासुन रजिता, दुशान हेमंथा, बिनुरा फर्नांडो, प्रमोद मदुशन। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू होगा।