भाजपा सरकार में गुंडे गले में तख्ती लगाकर घूमते हैं, बदायूं में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य की नामांकन सभा में पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सीधे सपा पर हमला बोला। कहा,यह वही बदायूं है, जहां विरोधी पक्ष के शासन में सूर्य ढलते ही लूट लिया जाता था।भाजपा का शासन आया तो चोर उचक्के लुटेरे कहते हैं, हम सब्जी बेच लेंगे। अब अपराध नहीं करेंगे। अब भाजपा सरकार में गुंडे गले में तख्ती लगाकर घूमते हैं। बदायूं क्लब के मैदान में नामांकन जनसभा में 12 मिनट के भाषण में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा, यह वही बदायूं है, जिसमें कभी एक सप्ताह दिन तो एक सप्ताह रात में बिजली मिलती थी। लुटेरे बदमाशों का बोलवाला था। जनता घरों से निकलने को डरती थी। आज सभी भयमुक्त होकर निकलते हैं। दिन हो या रात निडर होकर महिलाएं भी जाती हैं।प्रधानमंत्री की जन हितैशी योजनाओं की प्रशंसा करते बदायूं से कमल खिलाने की अपील की। केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं का जिक्र करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सराहा। कहा, जनता को गैस सिलेंडर, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ जल और अनाज मिल रहा है। यह वही भारत है, जब आतंवादी धमकियां देते थे। हमारे प्रधानमंत्री के निर्देशन में सैनिकों ने पाक में घुसकर आतंकियों के ठिकाने तबाह कर दिए। यह ऐसा इसलिए हुआ। क्योंकि, मोदी है तो मुमकिन है। कर्नल अभिनंदन का भी जिक्र करते हुए कहा, मोदी का ही दम है, जो अभिनंदन पाक से सकुशल लौटे। जाते समय बृजेश पाठक ने जनता से दुर्विजय शाक्य को विजयी बनाने की अपील की।

भयमुक्त समाज को दुर्विजय को करें वोट : बीएल

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि आज मोदी-योगी राज में बहन बेटियां और व्यापारी सभी सुरक्षित हैं। अगर इसी तरह का भयमुक्त समाज चाहिए तो दुर्विजय शाक्य को वोट दें। क्योंकि यही ऐसे प्रत्याशी हैं जो भाजपा की नीति-रीति पर चलते हुए अराजक तत्वों के खिलाफ पहाड़ बनकर खड़े रह सकते हैं।

नामांकन सभा में नहीं पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य की नामांकन सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का आना भी प्रस्तावित था, लेकिन उन्हें किसी जरूरी कार्य से गाजियाबाद जाना पड़ गया। जिसके चलते वह नामांकन सभा में नहीं आ सके।

मंच पर दिखी मधु चंद्रा और सुषमा

पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत मधु चंद्रा और पूर्व चेयरमैन सुषमा मौर्य ने लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पहली बार भाजपा का मंच साझा किया। इसकी भी नामांकन सभा में खूब चर्चा रही।

पूर्व विधायक पुष्पा यादव ने झोली फैला मांगा सहयोग

गुन्नौर सीट से कांग्रेस पार्टी से दो बार की विधायक रहीं पुष्पा यादव भी मंच पर पहुंचीं। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के पास बैठी पुष्पा यादव ने भाजपा का गुणगान किया। इसके बाद पुष्पा यादव ने माइक पकड़कर जनता से कहा, बदायूं के लाल दुर्विजय शाक्य को जिताना है। विपक्षी दल को यहां से उखाड़कर फेंकना है। बोलीं-मैं बदायूं की जनता से झोली फैलाकर दुर्विजय शाक्य के लिए मतदान करने को भीख मांगती हूं।

दुर्विजय के समर्थन में धुरंधर जुटे

दुर्विजय शाक्य ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके समर्थन में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के साथ-साथ मंडल के तमाम दिग्गज नेता मंच पर नजर आए। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम, बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी विधायक डॉक्टर राघवेंद्र शर्मा, बरेली महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना आदि ने बदायूं की जनता से दुर्विजय शाक्य को जिताने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *