बहुजन समाज पार्टी में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। आंवला लोकसभा सीट से दो लोगों को पार्टी का सिंबल जारी होने के बाद अब नई उठापटक के बीच मंडल संयोजक और जिला अध्यक्ष को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।मीरगंज के ओमकार कातिब को दोबारा जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसी बीच चर्चा है कि दो लोगों को पार्टी सिंबल मिलने के मामले में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पार्टी के एक बड़े पदाधिकारी का नाम सामने आ रहा है।
आंवला लोकसभा सीट से आबिद अली और सत्यवीर को बसपा का सिंबल मिल गया था। दोनो को पार्टी सिंबल मिलने के बाद उठा विवाद बढ़ता जा रहा है। पार्टी प्रमुख मायावती से वार्ता के बाद आबिद अली को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं, चर्चा है कि इस पूरे मामले में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक पदाधिकारी का नाम सामने आ रहा है जो आंवला में दो लोगों को पार्टी सिंबल मिलने के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा है। बहुजन समाज पार्टी में आंवला लोकसभा सीट से शुरू हुआ विवाद जिला मुख्यालय तक पहुंच गया। अचानक जिला अध्यक्ष राजीव कुमार को हटाकर ओमकार कातिब को पार्टी की कमान दी गई। इतना ही नहीं पार्टी आलाकमान के निर्देश पर मंडल संयोजक ब्रह्म स्वरूप सागर और जिला अध्यक्ष रहे राजीव कुमार को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया गया है।
बसपा जिलाध्यक्ष ओमकार कातिब ने बताया, मंडल संयोजक ब्रह्म स्वरूप सागर और जिला अध्यक्ष राजीव कुमार के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थी। उनको पार्टी की तरफ से चेतावनी भी जारी की गई थी। इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर अनुशासनहीनता के चलते दोनों को निष्कासित किया गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव कुमार का कहना है कि मैंने सदैव पार्टी हित में कार्य किया। अनुशासनहीनता की बात गलत है। मैं पार्टी आलाकमान के सामने अपना पक्ष रखूंगा और जो भी गलतफहमी होगी उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।