
बवाल मामले में वीडयो फुटेज से चिह्नित किए गए कई उपद्रवियों ने नेपाल की राह पकड़ ली है। गिरफ्तारी के डर से वहीं छिपे हुए हैं। इनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगी हुई हैं, जो नेपाल पुलिस की मदद से इनको दबोचने की कोशिशें कर रही हैं। अब तक दर्ज मुकदमों में मुख्य आरोपितों समेत 112 लोगों की गिरफ्तारी करने में पुलिस कामयाब रही है।मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान 13 अक्टूबर को पथराव के बाद रामगोपाल की हत्या व दूसरे दिन 14 अक्टूबर को गुस्साई भीड़ के आगजनी व तोड़फोड़ मामले में लगातार उपद्रवियों पर कार्रवाई हो रही है। अब तक हरदी थाने व कोतवाली नगर में 14 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जिनमें 1304 लोग शामिल हैं। इनमें चार से अधिक मुकदमें पुलिस ने खुद ही दर्ज कराए हैं, जबकि अन्य मृतक के भाई व आगजनी का शिकार हुए पीड़ितों की तहरीर पर दर्ज हुए हैं। इस मामले में 112 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल रवाना कर चुकी है।वीडियो फुटेज के आधार पर लगातार ऐसे लोगों को चिंहित किया जा रहा है, जो परदे के पीछे रहकर खलनायक की भूमिका अदा करने में लगे रहे हैं। इनकी भी पहचान हो चुकी है, लेकिन इनमें अधिकांश दूसरे प्रदेश या फिर नेपाल में ठिकाना बना चुके हैं। इनके घर पर लगातार पुलिस दबिश संग गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि ऐसे लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सके।