अयोध्या। इस साल अयोध्या का दीपोत्सव पहले से कहीं अधिक भव्य होने जा रहा है। 19 अक्टूबर 2025 को होने वाले दीपोत्सव-2025 में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम दिखाई देगा। इस बार का मुख्य आकर्षण होगा—1,000 से अधिक ड्रोन का शो, जिसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की दिव्य झलक आकाश में साकार की जाएगी।
ड्रोन शो में दिखेगा ‘मेड इन इंडिया’ का कमाल
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह शो पूरी तरह ‘मेड इन इंडिया ड्रोन’ से होगा। लेजर लाइट्स, संगीतमय नैरेशन और वॉयस ओवर के साथ करीब 15 मिनट तक चलने वाला यह शो दर्शकों को अद्भुत अनुभव देगा।
उन्होंने कहा, “यह आयोजन तकनीकी क्षमता और आध्यात्मिक परंपरा का संगम है, जो पूरे देश के लिए गौरव की बात है।”
हर साल बढ़ रहा है दीपोत्सव का वैभव
अयोध्या में दीपोत्सव की परंपरा 2017 से शुरू हुई थी और अब यह विश्वस्तरीय पहचान बना चुका है। पिछले साल यानी दीपोत्सव-2024 में 500 ड्रोन का शो हुआ था, जिसे लाखों श्रद्धालुओं ने सराहा था। इस बार ड्रोन की संख्या दोगुनी कर दी गई है, जिससे आयोजन और भी भव्य होने वाला है।
लाखों दीयों से जगमगाएगी राम की पैड़ी
दीपोत्सव पर राम की पैड़ी और सरयू घाटों पर लाखों दीयों की श्रृंखला जलाई जाएगी, जो भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की पौराणिक स्मृति को जीवंत करेगी। इसके साथ ही भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित होंगे।
राम मंदिर बनने के बाद दूसरा दीपोत्सव
गौरतलब है कि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर बनने के बाद यह दूसरा दीपोत्सव है। सरकार आयोजन को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ रही है। ड्रोन शो से पहले कई बार रिहर्सल किया जाएगा ताकि हर दृश्य निर्धारित क्रम में प्रस्तुत हो सके।