बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अपनी एक्टिंग से सबको हंसाने वाले राजपाल यादव इन दिनों कानूनी पचड़ों में फंसकर तिहाड़ जेल की हवा खा रहे हैं. चेक बाउंस और कर्ज अदायगी के मामले में फंसे राजपाल यादव के लिए एक राहत भरी खबर उत्तर प्रदेश से आई है. फिरोजाबाद के एएसपी (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने दरियादिली दिखाते हुए एक्टर की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. उन्होंने सार्वजनिक रूप से राजपाल यादव को 51 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है.
‘सालों तक हमें हंसाया, अब अकेला नहीं छोड़ सकते’
एएसपी अनुज चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया. उन्होंने कहा, “दोस्तों, राजपाल यादव जी का विषय बहुत चर्चा में है. राजपाल यादव जैसे कलाकारों ने हमें सालों तक हंसाया, गुदगुदाया और मुश्किल वक्त में भी मुस्कुराने की वजह दी. जो कलाकार लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, उन्हें कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ना चाहिए.”
अपनी सैलरी से देंगे मदद
पुलिस अधिकारी ने साफ किया कि वह यह मदद अपनी निजी कमाई से कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैं राजपाल यादव की कॉमेडी से व्यक्तिगत रूप से बहुत प्रभावित हूं. इस कठिन समय में मैं अपनी तरफ से सहयोग के रूप में 51 हजार रुपये अपने सैलरी अकाउंट से देना चाहता हूं. राशि भले ही बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन मैं अपनी क्षमता के अनुसार जो दे सकता हूं, वह देना चाहता हूं. क्योंकि वे भी एक इंसान हैं.”
राजपाल की इस बात ने जीत लिया था दिल
एएसपी अनुज चौधरी ने बताया कि वह राजपाल यादव की जीवन जीने की शैली और विचारों से काफी प्रेरित हैं. उन्होंने राजपाल की एक पुरानी बात का जिक्र करते हुए कहा, “उनकी एक बात ने मुझे बहुत प्रभावित किया था. मैंने उन्हें कहते सुना था कि ‘यदि आप अपने जीवन का एक भी सेकंड वापस ला सकते हैं, तो लाकर दिखाइए. जीवन का एक भी सेकंड व्यर्थ मत गंवाइए.’ उनकी यह बात मेरे दिल को छू गई थी.”
क्यों जेल में हैं राजपाल यादव?
बता दें कि राजपाल यादव एक पुराने लोन और चेक बाउंस मामले में दोषी करार दिए गए हैं, जिसके चलते उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है और वे फिलहाल जेल में हैं. ऐसे मुश्किल वक्त में एक पुलिस अधिकारी का यह कदम सोशल मीडिया पर खूब तारीफ बटोर रहा है.