ओवैसी ने बंगाल चुनाव को लेकर खोले पत्ते, बीजेपी से गठबंधन पर दिया समंदर वाला करारा जवाब

पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को एक ऐसा बयान दिया है जिसने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) और कांग्रेस की नींद उड़ा दी है। हैदराबाद में मीडिया से बात करते हुए ओवैसी ने बंगाल के चुनावी रण में उतरने के साफ संकेत दिए। उनकी पार्टी की एंट्री से राज्य में मुस्लिम वोट बैंक के समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं, जिसका सीधा नुकसान टीएमसी और कांग्रेस गठबंधन को होने की आशंका है।

चुनाव लड़ने पर ओवैसी का दिलचस्प बयान

जब ओवैसी से बंगाल में चुनाव लड़ने की योजना के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटने वाली है। ओवैसी ने कहा, “चुनाव लड़ने में हमें जितना मजा आता है, उतना किसी को नहीं आता होगा.” उन्होंने अपनी रणनीति को फिलहाल गुप्त रखते हुए कहा कि “हम इसके लिए सभी पत्ते सही समय पर खोलेंगे.” ओवैसी का यह सस्पेंस विरोधी दलों के लिए चिंता का सबब बन गया है।

बीजेपी से हाथ मिलाने पर ‘दो टूक’ जवाब

इस दौरान ओवैसी से महाराष्ट्र की राजनीति और बीएमसी (BMC) मेयर चुनाव को लेकर भी सवाल दागा गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या AIMIM मेयर पद के लिए बीजेपी का समर्थन करेगी, तो उन्होंने इस संभावना को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने एक मुहावरे का इस्तेमाल करते हुए कहा, “यह बिल्कुल भी मुमकिन नहीं है. समंदर के दो सिरे कभी नहीं मिल सकते हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) और AIMIM समंदर के दो सिरे ही हैं, जिनका मिलना कभी भी मुमकिन नहीं है.”

‘मैं मुसलमानों का नेता नहीं बनना चाहता’

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि एक महीने पहले उन्होंने करीब 75 सीटें जीती थीं। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय जमीनी मेहनत को दिया। लीडरशिप पर बात करते हुए ओवैसी ने एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा, “हम सालों से जमीन पर काम कर रहे हैं. हमारी टीम पूरी मेहनत करती रही है, तो जाहिर है कि इसका असर लोगों के दिल पर होता है. मैं मुसलमानों का नेता नहीं हूं, न ही बनना चाहता हूं, हमारी पार्टी नेता बनाना जानती है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *