AMU में छात्रों का बवाल: फीस बढ़ोतरी और नमाज रोकने पर भिड़े छात्र-पुलिस, लाठीचार्ज में छात्रा बेहोश

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में फीस वृद्धि को लेकर छात्र लंबे समय से विरोध कर रहे हैं, लेकिन शुक्रवार को यह प्रदर्शन अचानक उग्र रूप ले बैठा। छात्रों ने जुमे की नमाज अदा करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे एक छात्रा बेहोश हो गई और कैंपस में अफरातफरी मच गई।

जुमे की नमाज पर टकराव, दो छात्रों को हिरासत में लिया गया

छात्रों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने जबरदस्ती रोककर माहौल को बिगाड़ा। पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया, जिससे प्रदर्शन और तेज हो गया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति काबू में करने के लिए लाठियां चलाईं।

छात्र बोले – शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाया जा रहा

प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और कहा कि,
“यह बेहद निंदनीय है कि AMU प्रशासन छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को दबाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस बुलाकर कैंपस के लोकतांत्रिक माहौल को कानून-व्यवस्था का मुद्दा बना दिया गया है।”

उन्होंने आगे कहा,
“किसी भी शिक्षण संस्थान में यह बर्ताव न तो नैतिक है और न ही स्वीकार्य। जिला प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि छात्रों को डर और दहशत के माहौल से बाहर निकाला जा सके।”

कुलपति और प्रॉक्टोरियल टीम पर उठे सवाल

छात्रों ने प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि अगर कुलपति छात्रों की मांगों को समझने और हल करने में असमर्थ हैं तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि,
“प्रॉक्टोरियल टीम पूरी तरह से विफल रही है। उसे भी इस्तीफा देना चाहिए। एएमयू छात्रों का है, किसी ऐसे प्रशासन का नहीं जो उनकी आवाज़ से डरता है।”

सीओ थर्ड छात्रों से कर रहे हैं बातचीत

प्रदर्शन को शांत करने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार बातचीत की कोशिशें की जा रही हैं। सीओ थर्ड ने छात्राओं से बातचीत शुरू की है, लेकिन छात्र अब तक मानने को तैयार नहीं हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *