उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सीमा हैदर जैसा एक और मामला सामने आया है। मंडी धनौरा में अवैध रूप से रहने वाली एक बांग्लादेशी महिला रीना बेगम और उसके पति राशिद अली को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। खुफिया विभाग के अधिकारियों ने दोनों से कई घंटों तक पूछताछ की है, जिसमें निकाह की रसीद भी मिली है।
नेपाल के रास्ते भारत पहुंची रीना बेगम
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में इन दोनों ने बताया है कि:
- शादी: कुछ साल पहले दोनों ने सऊदी अरब में निकाह किया था।
- भारत आगमन: निकाह के बाद महिला अक्टूबर 2025 को पति राशिद अली के साथ नेपाल के रास्ते से भारत आ गई थी और अमरोहा के मंडी धनौरा में रह रही थी।
पुलिस ने बांग्लादेशी महिला रीना बेगम के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत और उसके पति राशिद अली पर अवैध रूप से शरण देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
पश्चिम बंगाल की निवासी होने का किया था दावा
पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली कि सऊदी अरब में काम करने वाला राशिद अली, जो मोहल्ला कटरा में सुनहरी मस्जिद के पास रहता है, दो माह पहले एक बांग्लादेशी महिला को लेकर आया है। सूचना मिलते ही पुलिस राशिद अली व महिला को पूछताछ के लिए थाने ले आई।
- गुमराह करने का प्रयास: शुरुआती पूछताछ में महिला रीना ने खुफिया एजेंसी के अधिकारियों को स्वयं को पश्चिम बंगाल का निवासी होने की बात बताकर गुमराह करने का प्रयास किया।
- पहचान: महिला का यह ड्रामा ज्यादा देर तक नहीं चल सका। बांग्लादेशी महिला का नाम रीना बेगम है और वह ढाका जनपद के गाजीपुर की रहने वाली है।
आपको बता दें कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर अवैध घुसपैठ के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन टॉर्च लगातार जारी है, जिसके तहत यूपी के अलग-अलग जिलों में कार्रवाई की जा रही हैं।