हमारी अर्थव्यवस्था नरम पड़ी है, बर्बाद नहीं हुए; जो बाइडेन को सफाई क्यों देने लगा चीन

मारी अर्थव्यवस्था में इन दिनों थोड़ी नरमी है, लेकिन बर्बाद नहीं हुई है। चीन के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बयान पर यह जवाब दिया है। बाइडेन ने पिछले दिनों कहा था कि चीन की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है और उसके बड़े असर हो सकते हैं।

उन्होंने ताइवान पर हमले को लेकर यह बात कही थी। बाइडेन ने कहा था कि चीन की इकॉनमी जिस तरह से ढलान पर है, उसके लिए संभव नहीं होगा कि वह ताइवान पर हमला कर दे। माना जा रहा है कि उसके जवाब में ही चीनी विदेश मंत्रालय ने यह टिप्पणी की है।

अमेरिका के अलावा ऑस्ट्रेलिया ने भी चीन की इकॉनमी में गिरावट को लेकर चिंता जाहिर की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि चीन की इकॉनमी में गिरावट एक संकट जैसी स्थिति है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के वित्त मंत्री जिम चाल्मर्स ने कहा था कि चीन की अर्थव्यवस्था में गिरावट का असर पूरी दुनिया पर हो सकता है। इन सभी चिंताओं का जवाब देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि कुछ समय के बाद अकसर चीन की इकॉनमी में गिरावट की अलग-अलग थ्योरी पेश की जाती हैं।’

उन्होंने कहा, ‘सच यह है कि चीन की अर्थव्यवस्था में कोई खामी नहीं है। लुढ़की नहीं है बल्कि नरमी आई है।’ चीनी प्रवक्ता ने जो बाइडेन और जिम चाल्मर्स का नाम लिए बिना कहा कि चीन की अर्थव्यवस्था की क्षमता बहुत ज्यादा है। हमारे मूलभूत सिद्धांत बेहद मजबूत हैं और लंबे समय में कोई दिक्कत नहीं आएगी। यह कुछ वक्त की नरमी है। उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि कुछ ही वक्त में अर्थव्यवस्था बेहतर होगी। कहा जा रहा है कि कोरोना की पाबंदियों के चलते चीन की इकॉनमी प्रभावित हुई थी और तब से अब तक उबर नहीं पाई है।

वियतनाम में चीन पर क्या बोले थे जो बाइडेन

दरअसल भारत में जी-20 में हिस्सा लेकर जो बाइडेन सीधे वियतनाम पहुंचे थे। वहां उन्होंने चीन को लेकर कहा था कि मैं नहीं समझता कि वह ताइवान पर हमला करेगा। इसकी वजह यह है कि उनकी अर्थव्यस्था कमजोर है और ऐसे हालत में वे अटैक से बचेंगे। बाइडेन ने कहा कि हम चीन को रोकना नहीं चाहते। लेकिन उन्होंने दुनिया में रिश्तों को लेकर कुछ नियम बदल दिए हैं। हम तो दुनिया में स्थिरता की ही बात करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *