प्रधानमंत्री मोदी को लेकर ये क्या बोल गए अखिलेश यादव, हिटलर से कर दी तुलना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दे डाला। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना हिटलर से कर दी। उन्होंने कहा कि जो लोग 2014 में सत्ता में आए थे वो 2024 में सत्ता से बाहर जाने वाले हैं।

कभी 10 साल हिटलर का समय था। वो वहां 10 साल से ज्यादा नहीं रह सका, तो प्रधानमंत्री की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इनके भी 10 साल पूरे हो गए हैं।

ईडी-सीबीआई को तत्काल खत्म करें

अखिलेश ने रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने सत्ता में आने पर जिस तरह व्यापारियों पर लगने वाली चुंगी को खत्म किया था, उसी तरह कुछ संस्थाओं को हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहिए। ईडी व सीबीआई के काम करने के तरीके पर सवाल भी उठाया। उन्होंने एक बार फिर इलेक्शन बॉड के जरिए भाजपा को मिलने वाले चंदे पर सवाल उठाए और स्थिति साफ करने को कहा।

उन्होंने कहा कि यूपी में जिस तरह महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, उसका संज्ञान केंद्रीय गृह मंत्रालय को लेना चाहिए। यूपी की कानून-व्यवस्था बदहाल है। इसलिए केंद्र को समय-समय पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव लोकतंत्र, संविधान और अपना सम्मान बचाने का चुनाव है। यूपी के लोगों ने भाजपा का 2014 में स्वागत किया है और अब 2024 में विदाई करेंगे। यूपी के लोग स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी तरह से करते हैं। भाजपा पीडीए की बढ़ती ताकत से घबरा गई है। उसको भी लगने लगा है कि इस बार उनकी विदाई होने वाली है। उन्होंने भाजपा हटाओ एमएसपी की कानूनी गारंटी पाओ, भाजपा हटाओ नौकरी पाओ का नारा दिया।

अखिलेश ने भाजपा को इलेक्शन बॉड के मामले में घेरते हुए अपनी पार्टी को मिले पैसे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सपा को इस बॉड से एक बार ढाई करोड़ रुपये मिले हैं। इतनी ही राशि एक बार और मिली है। बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा एक बार फिर से अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसके लिए उन्हें धन्यवाद।

सपा में ये हुए शामिल

पूर्व मंत्री व विधानसभा 2022 में पथरदेवा से बसपा के प्रत्याशी परवेज आलम व इलियास अंसारी सपा में शामिल हुए। भाजपा के डा. सीताराम राजपूत अपने समर्थकों के साथ, आरएलडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे लतेश विधूड़ी, पूर्व विधायक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, हरदोई के तिलक चंद्र वर्मा, औरैया के पूर्व विधायक मदन गौतम और सुबोध यादव सपा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *