Akhilesh Yadav-CJP Meeting: OP Rajbhar का तंज, ‘अब तिलचट्टों का सहारा’

उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका की मुलाकात के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मुलाकात को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि क्या अब सपा प्रमुख को अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं रह गया है, जो उन्हें ‘तिलचट्टों’ का सहारा लेना पड़ रहा है।

अखिलेश यादव पर OP Rajbhar का तीखा हमला

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव और आशुतोष रांका की मुलाकात पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा-

‘का हो अखिलेश यादव जी, सुने हैं कि आप अभिजीत नक्षत्र में दीपक जलाने की कोशिश कर रहे हैं. इसी बीच आपके घर में ‘तिलचट्टे’ आने लगे, वो भी मुंह बांध के.

टीवी में तो दिखाता है कि ‘लाल’ वाला स्प्रे तिलचट्टों को खत्म करने के लिए होता है, यहां तो ‘लाल’ वाले खुद ही तिलचट्टों से मदद मांग रहा है? बताइए भला. अपने कंसवादी लोडरों पर इतना भी भरोसा नहीं है कि जो अब ‘तिलचट्टों’ का साथ ले रहे हैं?

आपके पिता और चच्चू एतना मेहनत किये! गांव-गांव साइकिल क पैडल मार-मार के समाजवादी पार्टी चलाए, यही दिन देखने के लिए? कि बेटवा एसी में बइठ के तिलचट्टन के भरोसे सरकार बनाएगा? अब पता चल गया कि आप भी रील बाज तिलचट्टन के बल पर राजनीति करने वाले हैं.

आप चांदी के चम्मच वाले हैं, विदेशी ताकत और अकूत पैसे के बल पर सत्ता का खेल आपकी पुरानी आदत है. आपके सैफई सिंडिकेट के बच्चे तो विदेश में पढ़ते हैं, लंदन-पेरिस घूमते हैं, मगर यही बिनती है कि अपने गांव-देहात के यादव और गरीब जोलहा-पसमांदा मुस्लिम युवाओं को ऐसी आग में मत झोंकिएगा कि उनका और उनके परिवार का भविष्य तबाह हो जाए.’

आशुतोष रांका से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल

दरअसल, गुरुवार को CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। बताया गया कि इस दौरान शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

हालांकि, इस मुलाकात के बाद यूपी की राजनीति में इसके संभावित राजनीतिक मायनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव और आशुतोष रांका की मुलाकात को छात्रों और युवाओं को समाजवादी पार्टी के साथ जोड़ने की कवायद से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

इसी मुलाकात को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उनके बयान के बाद सपा और CJP से जुड़ी इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *