अखिलेश यादव ने संसद में नीट पर पूछा सवाल, धर्मेंद्र प्रधान ने सपा सरकार की फाइल खोल दी

संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन लोकसभा में विपक्ष ने नीट पेपर लीक का मामला जोरशोर से उठाया। आरोप लगाया कि इसके चलते कई छात्रों की मौत हुई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार कोई और रिकॉर्ड बनाए या नहीं लेकिन पेपर लीक का का रिकॉर्ड जरूर बनाएगी।विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पेपर लीक के कोई साफ सबूत नहीं हैं। उन्होंने अखिलेश यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि ये जब यूपी में सरकार चला रहे थे तो पूरी सूची है कि कितने पेपर लीक हुए।

नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा कि पूरे देश के छात्र इस मामले को लेकर आंदोलित थे। सच्चाई लगातार सामने आ रही है। लोग पकड़े जा रहे हैं। जेल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि क्या सेंटर के हिसाब से जिन बच्चों को सबसे ज्यादा नंबर मिले, उनकी सूची जारी करेंगे? 30 हजार सीट जहां हैं, कई सेंटर ऐसे हैं, जहां दो हजार से ज्यादा बच्चे पास हो गए। सरकारी सीटें 30 हजार हैं। जिन सेंटर पर परीक्षा हुई, वहां क्या सुविधाएं थीं, क्या मंत्री ने इसकी जांच करवाई थी? ये मंत्री रहेंगे तो बच्चों को न्याय नहीं मिलेगा।

अखिलेश के इन सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में केस चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी की सूची वेबसाइट पर जारी कर दें। पिछले तीन दिन से सभी की सूची पब्लिकल डोमेन में है। ये सारी चीजें एकदम खुली हुई हैं। केरल के उम्मीदवारों ने भी अच्छा किया, तो क्या इस पर भी कहेंगे कि वहां भी गड़बड़ी हुई है। देश के ग्रामीण इलाके, देश के एससी-एसटी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। क्या हम उनकी मेधा को चुनौती दे रहे हैं? धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मेरा स्टैंड शुरू से क्लियर है कि इस मामले पर राजनीति नहीं करना है। लेकिन जब अखिलेश यादव यूपी में सरकार चला रहे थे तो पूरी सूची है कि कितने पेपर लीक हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *