अखिलेश बोले-2024 के चुनाव में देश में परिवर्तन करेगी जनता

माजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता देश में परिवर्तन करेगी। समाजवादी पार्टी पीडीए भाजपा को उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर हरायेगा।भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी और पीडीए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के विरूद्ध षड़यंत्रकारी रणनीति बनाने में जुटी है। हमें भाजपा की चालों से सावधान रहना है। अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन में यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा सरकार से ऊबे हुए हैं और सभी लोग इंडिया-पीडीए को ताकत देने तथा भाजपा को शिकस्त देने का मन बना चुके हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा सामाजिक सद्भाव को खत्म कर रही है। उसने बांटो और राज करो की नीति अंग्रेजों से सीखी है। समाज में नफरत फैलाना भाजपा का एजेंडा है। समाजवादी पार्टी गरीबों, नौजवानों, किसानों और महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के बिना समाज में न सद्भाव रहेगा और न विकास का रास्ता प्रशस्त होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अपनी आदत से मजबूर है।

समाजवादी पार्टी की सरकार के समय हुए कामों का ही वह उद्घाटन और शिलान्यास कर रही है। जो निर्माण कार्य समाजवादी सरकार में हुए उन पर अपने नाम के ठप्पा लगाने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है, तभी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का संविधान बच सकेगा। संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा। जातीय जनगणना होगी तभी समानुपातिक ढंग से सबको हक और सम्मान मिल सकेगा। लोकतंत्र, समाजवाद और पंथनिरपेक्षता की तभी गारंटी होगी। जनता के आगे भाजपा कोई ताकत नहीं। मंसूरी समाज के नेता अनीस मंसूरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पसमांदा समाज के लोग अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को जिताने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *