Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है। कांग्रेस ने सीडब्ल्यूसी की बैठक की तो वहीं AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने तीन दिवसीय ‘सीमांचल न्याय यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए RJD अध्यक्ष लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को कई बार पत्र लिखे।
AIMIM की शर्त और मांग
ओवैसी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में छह सीटें दी जाती हैं तो AIMIM विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन में शामिल हो जाएगी। किशनगंज, उत्तर बिहार का ऐसा जिला है जहां मुस्लिम आबादी लगभग दो-तिहाई है। इसी से उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत की।
तेजस्वी यादव को कई पत्र लिखने की बात करते हुए ओवैसी ने कहा,
“हमने विधानसभा की 243 सीटों में से AIMIM को छह सीटें देने का अनुरोध किया है। अब गेंद इंडिया गठबंधन के पाले में है। अगर गठबंधन की तरफ से उचित जवाब नहीं मिलता है तो यह साफ हो जाएगा कि बीजेपी की मदद कौन कर रहा है।”
RJD को भुगतना पड़ेगा खामियाजा: ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि RJD की ओर से उनके चार विधायक छीन लिए गए, इसके बावजूद उन्होंने गठबंधन की पेशकश की। उन्होंने चेतावनी दी कि RJD को इसका खामियाजा चुनाव में भुगतना पड़ेगा और AIMIM सीमांचल में फिर RJD को हराएगी।
AIMIM और RJD का पिछला विवाद
पिछले विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 20 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जिनमें से पांच पर जीत हुई। हालांकि, दो साल बाद प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान को छोड़कर सभी विधायक RJD में शामिल हो गए। आरोप था कि AIMIM की सक्रियता की वजह से सीमांचल के मुस्लिम मतदाताओं में सेंधमारी हुई और महागठबंधन बहुमत हासिल नहीं कर पाया।