18 लाख से अधिक दीपों की खेप अयोध्या के घाटों पर पहुंची, स्थानीय कुम्हारों से खरीदे गए दीये

दीपोत्सव- 2023 में राम की पैड़ी सहित 51 घाटों पर 21 लाख दीये जलाकर नया विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए 25 हजार वालेंटियर 24 लाख 50 हजार दीये सजाएंगे। अभी तक घाटों पर सजाने के लिए 18 लाख 50 हजार दीए की खेप पहुंच चुकी है।इसके अलावा घाट पर स्थित स्टोर में 82 हजार लीटर तेल भी संग्रहीत कर लिया गया है। 10 नवंबर तक सभी घाटों पर दीये सजा लिए जाएंगे। सात नवंबर तक दीये और अन्य दीपोत्सव सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित हो जाएगी।डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने मंगलवार को बताया कि सातवें दीपोत्सव में लक्ष्य बड़ा है। प्रशासन और विवि मिलकर विश्व रिकार्ड बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी तन्मयता से दीये जलाकर प्रभु राम के प्रति भक्ति भाव प्रस्तुत करेंगे। कुलपति ने बताया कि 25 हजार वालेंटियर (विवि, संबद्व महाविद्यालय, 19 इंटर कॉलेज एवं एनजीओ) आठ से 10 नवंबर तक सभी घाटों पर दोपहर 12 बजे तक दीए सजा लेंगे। उसके बाद शाम तक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड टीम के साथ दीपों की काउंटिंग पूरी कर ली जाएगी।कुलपति ने बताया कि एक पैकेट में 500 दीये हैं। दीये में 25 से 30 एमएल तेल आएगा और पांच से 15 मिनट तक दीया जलेगा। दीये को स्थानीय कुम्हारों से क्रय किया गया हैं। इस निर्णय का लाभ स्थानीय लोगों को रोजगार के रूप में मिल रहा है। वालेंटियर को टी- शर्ट, कैप, बाती और अन्य सामग्री समय से उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वालेंटियर को आई कार्ड वितरित किया जाने लगा है। डुप्लीकेसी पर रोकथाम के लिए आई काउर् को फूलप्रूफ बनाया गया है। इस दौरान कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र, मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी, डॉ. राज नारायण पाण्डेय, डॉ. अनिल कुमार विश्वा और अन्य मौजूद रहे।

राम मंदिर और राम के चित्र पर विशेष आवरण

दीपोत्सव- 2023 को यादगार बनाने के लिए आगामी 11 नवंबर को राम मंदिर और भगवान राम से संबंधित चित्र पर विशेष डाक आवरण का अनावरण होगा। इस आवरण पर डेढ़ लाख से अधिक रुपये का खर्च आएगा। पूर्व में भी दीपोत्सव पर आवरण जारी हो चुका है। बताया जा रहा है कि एक विशेष आवरण की कीमत 25 रुपए होगी। यह डाक कवर विभाग के फिलेटली काउंटर से ग्राहकों को उपलब्ध होगा। विवि की ओर से दो हजार प्रतियां छपवाई जा रही हैं। इसमें 1600 प्रतिया विवि अपने पास रखेगा। शेष डाक विभाग में ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *