
यूपी में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान और उनके करीबियों के ठिकानों पर इन दिनों इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी चल रही है। पिछले तीन दिनों से आयकर विभाग की टीम ने आजम के घर और उनके ठिकानों पर डेरा जमा रखा है।
आयकर की टीम आजम की आमदनी के स्रोत तलाश रही है। आयकर की टीम ने आजम और उनके करीबियों के ठिकानों परे छापेमारी करके दस्तावेजों को कब्जे में लिया और बारीकी से जांच पड़ताल की। आजम खान के घर रोजाना 20 हजार रुपये कहां से आ रहा था? इसको लेकर भी आयकर की टीम ने आजम खान से सवाल-जवाब किए।
एक टीवी चैनल के अनुसार आयकर टीम को आजम खान में घर में रोजाना 20 हजार रुपये के स्रोत की जानकारी दी। आजम ने पूछताछ में बताया कि उनके पास भैंसों की डेयरी हैं, जहां से रोजाना 20 हजार रुपये आते हैं, उसी से उनका खर्च चलता है। पूछताछ के दौरान आजम बेहद ही भावुक नजर आए। आयकर टीम की कार्रवाई के समय समाजवादी पार्टी को लेकर आजम खान का दर्द भी साफ नजर आ रहा था। इस दौरान आजम खान के बेटे अब्दुल्ला खान भी मौजूद थे। आजम और बेटे अब्दुल्ला ने आयकर अधिकारियों को जेल में गुजारे दिनों के किस्से भी सुनाए। अफसरों से बातचीत के दौरान आजम ने अपनी ही पार्टी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि जितनी मदद मिलनी चाहिए थे, उन्हें पार्टी से उतनी मदद नहीं दी गई। आज ने कहा, जिन लोगों को मैंने सत्ता में काबिज करवाया, वही लोग साथ दे देते तो आज उनकी ये हालत नहीं होती।
आजम के ठिकानों पर तीन दिनों से हो रही है छापेमारी
पिछले तीन दिनों से आजम खान और उनके ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस फोर्स भी तैनात रही। आयकर टीम की जांच में ये भी पता चला है कि जौहर यूनिवर्सिटी में प्राइवेट ट्रस्ट होने के बाद भी यूनिवर्सिटी में सरकारी विभागों का 150 करोड़ रुपये लगाया गया था। सपा सरकार में जब भी कैबिनेट से कॉलेज या अन्य जनहित में कोई प्रोजेक्ट पास होता था तो उसे दूसरी जगह बनाने के बजाए जौहर यूनिवर्सिटी के अंदर की स्थापित कर दिया जाता है।
अपर निदेशक ने भी की आजम खां के घर पूछताछ
सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के संस्थापक व आजीवन अध्यक्ष मोहम्मद आजम खां के घर और उनसे जुड़े ठिकानों पर आयकर छापे के दूसरे दिन एडिशनल डायरेक्टर इनकम टैक्स (जांच) ध्रुव कुमार भी गुरुवार को रामपुर पहुंचे थे। वे आजम खां के घर पर करीब एक घंटे तक रहे थे। ध्रुव कुमार ने बाहर निकलने के बाद साफ कहा कि वह अभी कुछ नहीं बता सकते। वहीं दूसरी ओर जौहर विश्वविद्यालय और हमसफर रिसार्ट छावनी में तब्दील रहे। बाहर एसएसबी घेरा रहा अंदर किसी को भी जाने की अनुमित नहीं थी। अंदर आयकर अफसरों की टीम छानबीन करती रही।
पहले दिन रामपुर से लेकर विदिशा तक 30 ठिकानों पर पड़ा था छापा
कर चोरी के आरोपों में घिरे आजम खां और उनके जौहर ट्रस्ट से जुड़े लोगों के खिलाफ आयकर विभाग ने बुधवार को कार्रवाई शुरू की जो तीसरे दिन शुक्रवार तक जारी रही। पहले दिन टीम ने रामपुर से लेकर विदिशा तक करीब 30 स्थानों पर छापेमारी की थी। गुरुवार को एक टीम आजम खां के घर पहुंची थी तो दूसरी टीम सपा विधायक नसीर खां के घर। टीम ने जौहर विश्वविद्यालय पहुंचकर वहां कुछ अभिलेख भी खंगाले थे। हमसफर रिसॉर्ट में भी कार्रवाई जारी रही। राधा रोड स्थित आजम खां के बेटे अदीब के टायर शोरूम पर भी जांच की। आजम के घर और यूनिवर्सिटी के साथ ही आजम के करीबी रहे आरके जैन के यहां छानबीन की गई। सपा विधायक नसीर खां के बैजना गांव स्थित फार्म पर भी टीम गई थी। वहीं, जौहर विवि के पूर्व एकाउंटेंट के यहां भी छापामारी की गई।