लखनऊ और अयोध्या से दिल्ली तक चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, आसान होगा सफर

रेलवे प्रशासन अयोध्या से लखनऊ होकर आनंद विहार के बीच जल्द एक वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ाएगा। इसके नए रैक का आवंटन उत्तर रेलवे को रेल कोच फैक्ट्री से हो चुका है। 16 दिसंबर को इसे उत्तर रेलवे को सौंप दिया जाएगा।आठ बोगियों वाली इस ट्रेन के लिए रेलवे बोर्ड समय सारिणी तैयार कर रहा है। आनंद विहार से लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस आठ घंटे में तय करेगी। इसे सुबह आनंद विहार से चलाने की संभावनाएं ज्यादा हैं। अभी अयोध्या में वंदे भारत एक्सप्रेस के मरम्मत की सुविधा नहीं है। इस वजह से सुबह आनंद विहार से वंदे भारत एक्सप्रेस चलकर दोपहर में अयोध्या से रवाना करने पर सहमति बनी है। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि बोर्ड आनंद विहार-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल बना रहा है।

शताब्दी को वंदे भारत में बदलने का प्रस्ताव

रेलवे बोर्ड ने पहले ही नई दिल्ली लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस को वंदे भारत में तब्दील करने का प्रस्ताव बनाया था। ऐसे में आनंद विहार-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस को शताब्दी एक्सप्रेस के नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। शताब्दी एक्सप्रेस का रैक बहुत पुराना हो गया है।

अयोध्या से दिल्ली 11 जनवरी से नियमित उड़ान

अयोध्या से दिल्ली के लिए पहली उड़ान 30 दिसंबर को शुरू हो रही है। ट्रायल के तौर पर 6 जनवरी और 10 जनवरी को अयोध्या और नई दिल्ली के बीच संचालित होगी। 11 जनवरी से यह नियमित उड़ान होगी। पहली उड़ान उद्घाटन के लिए होगी। नियमित उड़ान शुरू होगी तो यह दिल्ली के आगे अहमदाबाद तक जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *